आयकर रिटर्न भरने और विवाद से विश्वास की तारीख बढ़ी, यह है नई डेट
नई दिल्ली। सरकार ने आयकर रिटर्न भरने की तारीख बढ़ाकर 15 जनवरी और विवाद से विश्वास की तारीख 31 जनवरी कर दी है। दोनों की अंतिम तिथि 31 दिसंबर थी। हालांकि, रिटर्न की मूल तारीख 31 जुलाई थी, लेकिन जुर्माने के साथ इसे 31 दिसंबर तक भरा जा सकता था।
केन्द्रीय प्रत्यक्ष कर बोर्ड ने मंगलवार को बताया, भारतीय निवासी अब 15 जनवरी तक रिटर्न भरने के साथ पहले भरे गए आईटीआर में सुधार भी कर सकते हैं। बहुत सारे करदाताओं को आईटीआर में विसंगतियों की सूचना विभाग से मिली है। ऐसे में उन्हें इसे सुधारने का मौका दिया जा रहा है। हाल में बॉम्बे हाईकोर्ट ने सीबीडीटी को आईटीआर की तारीख बढ़ाने का निर्देश दिया था।
विवाद से विश्वास स्कीम करदाताओं को कम कर का भुगतान करके विवाद निपटाने में मदद करती है। यदि समय सीमा नहीं बढ़ाई गई होती तो करदाताओं को योजना के लिए आवेदन करने पर 10% अतिरिक्त कर का भुगतान करना पड़ता। समय सीमा विस्तार उन करदाताओं के लिए एक बड़ी राहत है, जिन्होंने अभी तक विवाद से विश्वास योजना 2024 के लिए आवेदन नहीं किया है।

