रिलायंस का पिछले साल 1.3 लाख करोड़ निवेश, अंबानी ने चौथे साल भी नहीं ली सैलरी

मुंबई- देश का खुदरा बाजार 2027 तक 1.4 लाख करोड़ डॉलर का होगा। रिलायंस की वार्षिक रिपोर्ट के अनुसार, 2030 तक भारत रिटेल क्षेत्र में तीसरा सबसे बड़ा बाजार होगा। बढ़ते शहरीकरण, लोगों की बढ़ती कमाई और महिलाओं के रोजगार में शामिल होने से खुदरा क्षेत्र को बढ़ने में समर्थन मिलेगा।

रिपोर्ट के अनुसार, प्रीमियम और लग्जरी उत्पादों की बढ़ती मांग से रिटेल की वृद्धि को और बल मिलेगा। रिलायंस रिटेल दुनिया के 100 रिटेलर्स में से एक है। रिलायंस इंडस्ट्रीज ने वित्त वर्ष 2023-24 में कुल 1,86,440 करोड़ का टैक्स सरकार के पास जमा कराया है। यह 2022-23 के मुकाबले 9 हजार करोड़ अधिक है।

रिलायंस ने बुधवार को वार्षिक रिपोर्ट में कहा, बाजार पूंजीकरण के मामले में रिलायंस दुनिया की 48 वीं कंपनी है। इसका समेकित राजस्व भी 10 लाख करोड़ रुपये को पार कर गया है। पिछले वित्त वर्ष में रिलायंस ने करीब 3 लाख करोड़ रूपये का निर्यात किया।

इस दौरान 1.35 लाख करोड़ से अधिक का निवेश किया। रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और प्रबंध निदेशक मुकेश अंबानी ने कहा, अस्थिरता और अनिश्चितता की इस दुनिया में भारत स्थिरता और समृद्धि के प्रतीक के रूप में चमक रहा है। सभी क्षेत्रों में मजबूत विकास 140 करोड़ भारतीयों के सामूहिक प्रयास का नतीजा है।

मुकेश अंबानी ने लगातार चौथे वर्ष कंपनी से कोई वेतन नहीं लिया है। हालांकि, उनको बाकी सारे खर्चे कंपनी से मिलते रहे हैं। 67 वर्षीय अंबानी का सालाना वेतन 15 करोड़ रुपये है। वे रिलायंस के बोर्ड में 1977 से हैं। 2002 में वे कंपनी के चेयरमैन बने। वे 2029 तक के लिए पद पर नियुक्त हुए हैं। रिलायंस में उनकी और परिवार की हिस्सेदारी 50.33 फीसदी है।

दूरसंचार कंपनियों के डाटा ट्रैफिक में जियो का हिस्सा 60 फीसदी पर पहुंच गया है। मार्च, 2024 की तिमाही में प्रति ग्राहक औसत डाटा उपयोग मासिक 28.7 जीबी रहा है। इसके कुल ग्राहकों की संख्या 48.18 करोड़ से ज्यादा रही है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज की 47वीं एनुअल जनरल मीटिंग (AGM) 29 अगस्त को होगी। वित्त वर्ष 2024 में रिलायंस रिटेल का ग्रॉस रेवेन्यू सालाना आधार पर 17.8% बढ़ा। कंपनी ने इस दौरान टोटल 1,840 स्टोर्स जोड़े। अब रिलायंस रिटेल की टोटल संख्या बढ़कर 18,836 हो गई है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन और MD मुकेश अंबानी ने कहा, ‘भारत और भारतीयों के लिए काम करते हुए हमें विकास के कई अवसर मिले जिससे हमने अपनी बिजनेस पोर्टफोलियो को काफी बड़ा कर लिया है। इसकी मदद से हम भारत के करोड़ों लोगों की जरूरतों को पूरा कर पा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *