एवरेस्ट जीरा पाउडर का सैंपल फेल, सभी प्रोडक्ट वापस होंगे, लाइसेंस सस्पेंड
मुंबई- फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स प्राइवेट लिमिटेड के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के एक बैच को बाजार से वापस मंगवाने का आदेश जारी किया है। कंज्यूमर हेल्थ से जुड़े उल्लंघन के एक अन्य मामले में कार्रवाई करते हुए FSSAI ने मेसर्स क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया है।
एवरेस्ट के खिलाफ यह कदम लैब जांच में तय सीमा से ज्यादा पेस्टिसाइड यानी कीटनाशक अवशेष मिलने के बाद उठाया गया है, जबकि बेकरी पर साफ-सफाई, स्वच्छता और फूड सेफ्टी में कई गंभीर खामियां मिलने पर यह कार्रवाई हुई है।
FSSAI ने एवरेस्ट फूड प्रोडक्ट्स के प्री-पैक्ड जीरा पाउडर को लेकर रिकॉल ऑर्डर जारी किया है। इंस्पेक्शन के लिए सैंपल गोवा स्थित मेसर्स रिवरसाइड रिसॉर्ट्स एंड हॉलीडे होम्स प्राइवेट लिमिटेड के परिसर से लिया गया था। फूड एनालिस्ट की रिपोर्ट में प्रोडक्ट के अंदर एजॉक्सीस्ट्रोबिन और थियामेथोक्सम नाम के पेस्टिसाइड अवशेष तय अधिकतम सीमा (MRL) से ज्यादा पाए गए।
फूड एनालिस्ट ने सैंपल को फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट-2006 के तहत अनसेफ यानी असुरक्षित घोषित किए जाने के बाद कंपनी को रिपोर्ट को चुनौती देने का मौका दिया गया। अपील प्रक्रिया के तहत सैंपल को आगे की जांच के लिए ‘रेफरल फूड लेबोरेटरी’ भेजा गया। रेफरल लैब ने भी कंफर्म किया कि सैंपल असुरक्षित है और दोनों कीटनाशक तय मानकों से ज्यादा मात्रा में मौजूद हैं।
जांच रिपोर्ट की पुष्टि के बाद FSSAI ने निर्देश दिया है कि प्रभाव में आए प्री-पैक्ड जीरा पाउडर के बैच नंबर E080668761 को बाजार से तुरंत वापस लिया जाए। कंपनी को इस वापस मंगवाए गए प्रोडक्ट का पूरा डॉक्यूमेंटेशन बनाए रखने और तय समय-सीमा के भीतर रिकॉल की जानकारी व स्टेटस रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।
FSSAI ने मेसर्स क्रिएटिव बेकर्स एंड कन्फेक्शनर्स के फूड परिसर की टेस्टिंग के दौरान पाई गई गंभीर अनियमताओं के बाद कंपनी का लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। टेस्टिंग टीम को फूड प्रोडक्शन और हैंडलिंग एरिया में गंदगी, ग्रीस, धूल, मकड़ी के जाले और मक्खियां मिलीं। इसके अलावा खराब होने वाले कच्चे माल को खुले में रखा गया था।

