आईफोन की यूपीआई में एंट्री, एपल घड़ी से बिना पिन-ओटीपी कर सकेंगे पेमेंट

मुंबई- एपल ने भारत में यूपीआई में अब एंट्री कर लिया है। इसने ‘एपल पे’ को लॉन्च कर दिया है। आईफोन और एपल वॉच यूजर्स के लिए कार्डलेस और कॉन्टैक्टलेस पेमेंट का नया ऑप्शन भी आ गया है। इसके जरिए यूजर्स बिना पिन-ओटीपी पेमेंट कर सकेंगे।

एपल की इस सर्विस के लिए एक्सिस बैंक पहला पार्टनर बना है। शुरुआत में इसके तहत एक्सिस बैंक के वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड्स को सपोर्ट दिया जा रहा है। एपल पे के जरिए यूजर्स अपने एलिजिबल क्रेडिट कार्ड्स को एपल वॉलेट एप में जोड़कर खरीदारी कर सकेंगे।

शुरुआती फेज में यह सर्विस हजारों मर्चेंट्स पर मिलेगी। आने वाले समय में अन्य बैंकों, नेटवर्क और मर्चेंट एप्स को भी इससे जोड़ा जाएगा। एक्सिस बैंक के एलिजिबल वीजा और मास्टरकार्ड क्रेडिट कार्ड होल्डर अपने कार्ड को एपल वॉलेट में आसानी से जोड़ सकते हैं। कार्ड जोड़ने के लिए यूजर्स एक्सिस बैंक एप के लेटेस्ट वर्जन या आईफोन में पहले से मौजूद वॉलेट एप का सहारा ले सकते हैं।

वॉलेट एप में कार्ड जोड़ने के लिए एप खोलकर प्लस साइन पर टैप और स्क्रीन पर दिख रहे स्टेप्स को फॉलो करना होगा। इसके बाद एपल पे सपोर्ट करने वाले मर्चेंट्स पर आसानी से पेमेंट किया जा सकेगा। खास बात यह है कि एपल पे का यूज करने पर भी यूजर्स को उनके कार्ड पर मिलने वाले रिवॉर्ड्स और अन्य बेनिफिट्स पहले की तरह ही मिलते रहेंगे।

एपल वॉच का इस्तेमाल करने वाले यूजर्स को वॉच के साइड बटन को दो बार दबाना होगा और उसके डिस्प्ले को पेमेंट रीडर के पास ले जाना होगा। इसके अलावा सपोर्टेड एप्स और वेबसाइट्स पर ऑनलाइन खरीदारी के लिए भी एपल पे का इस्तेमाल किया जा सकता है। एपल पे के जरिए पेमेंट करते समय यूजर्स को चेकआउट के दौरान कोई भी पिन या ओटीपी डालने की जरूरत नहीं होगी। साथ ही ऑनलाइन खरीदारी करते समय बार-बार कार्ड डिटेल्स, कॉन्टैक्ट नंबर या बिलिंग एड्रेस भरने के झंझट से भी मुक्ति मिलेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *