32 पैसा में खरीदा था एनएसई का शेयर, एक लाख का निवेश बन गया 55 करोड़
मुंबई- एनएसई के पुराने निवेशकों के लिए यह जबरदस्त कमाई का मौका बनने जा रहा है। कुछ निवेशकों ने एनएसई के शेयर दशकों पहले एक रुपये से भी कम कीमत पर खरीदे थे। अब आईपीओ में एक शेयर की ऊपरी कीमत 1,785 रुपये तय की गई है।
एनएसई के आईपीओ दस्तावेजों के मुताबिक, शेयर बेचने वाले 10 बड़े निवेशकों को अपनी हिस्सेदारी पर कुल करीब 16,500 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है। इन निवेशकों ने शेयर खरीदने में करीब 534 करोड़ रुपये लगाए थे।
देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई ने एनएसई के शेयर सिर्फ 80 पैसे प्रति शेयर की कीमत पर खरीदे थे। अब आईपीओ की ऊपरी कीमत 1,785 रुपये है। इस हिसाब से एसबीआई को अपनी हिस्सेदारी बेचने पर करीब 2,849 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है। प्रतिशत में देखें तो उसके निवेश पर फायदा करीब 2,23,025 फीसदी बैठता है।
हालांकि प्रतिशत के हिसाब से सबसे ज्यादा फायदा न्यू इंडिया एश्योरेंस कंपनी को होने वाला है। कंपनी ने एनएसई के शेयर सिर्फ 32 पैसे प्रति शेयर में खरीदे थे। अब उसे करीब 5,57,712 फीसदी का रिटर्न मिल सकता है। रुपये में उसका फायदा करीब 1,874 करोड़ रुपये होगा। यानी एक लाख रुपये का निवेश अब 55 करोड़ रुपये से ज्यादा हो गया है।
एसबीआई कैपिटल मार्केट्स ने एनएसई के शेयर 38 पैसे में खरीदे थे। उसे करीब 4,69,637 फीसदी रिटर्न के साथ लगभग 1,567 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है। स्टॉक होल्डिंग कॉरपोरेशन को करीब 3,87,943 फीसदी का रिटर्न मिल सकता है। रुपये में उसका फायदा करीब 1,104 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
यूनाइटेड इंडिया इंश्योरेंस को अपने निवेश पर करीब 3,56,900 फीसदी रिटर्न और लगभग 1,071 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है। वहीं बैंक ऑफ बड़ौदा को करीब 3,30,456 फीसदी रिटर्न के साथ 1,372 करोड़ रुपये का फायदा होने का अनुमान है।
जनरल इंश्योरेंस कॉरपोरेशन को भी करीब 1,101 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है। उसके निवेश पर रिटर्न करीब 33,835 फीसदी बैठता है। इसके अलावा कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड, एमएस स्ट्रैटेजिक और अरांडा इन्वेस्टमेंट्स को मिलाकर करीब 5,562 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है। इस तरह आईपीओ में शेयर बेच रहे इन 10 निवेशकों ने एनएसई में करीब 534 करोड़ रुपये लगाए थे और अब उन्हें करीब 16,500 करोड़ रुपये का फायदा हो सकता है।
एनएसई का आईपीओ 17 सितंबर को निवेशकों के लिए खुलेगा और 21 सितंबर तक बोली लगाई जा सकेगी। आईपीओ के लिए कीमत 1,700 रुपये से 1,785 रुपये प्रति शेयर तय की गई है। एनएसई ने अपने आईपीओ का साइज पहले के मुकाबले 15 फीसदी से ज्यादा घटाया है।

