350 करोड़ रुपये के बंगले में रहेंगे अंबानी के मेहमान, लुटियंस जोन है स्थान

मुंबई- रिलायंस इंडस्ट्रीज के चेयरमैन मुकेश अंबानी ने दिल्ली के सबसे पॉश और सुरक्षित इलाके ‘लुटियंस बंगलो जोन’ में 350 करोड़ रुपए का एक बंगला खरीदा है। पृथ्वीराज रोड पर स्थित इस आलीशान बंगले का इस्तेमाल रिलायंस अपने दिल्ली आने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए कॉर्पोरेट गेस्ट हाउस के तौर पर करेगी। यह डील जुलाई के आखिर में टैक्स के अलावा 350 करोड़ रुपए में फाइनल हुई थी।

इस बंगले के मालिकसिंगापुर के बिजनेसमैन डॉ. भूपेंद्र कुमार मोदी (बीके मोदी) हैं। अंबानी ने इसे अनंत अंबानी के फैमिली ऑफिस के तौर पर दिखाया है। कंपनी ने दिल्ली में अपने कर्मचारियों के ठहरने के लिए यह बंगला खरीदा है। हालांकि, कंपनी ने अनंत अंबानी के फैमिली ऑफिस की सीधी भूमिका या डील के पैसों पर बयान नहीं दिया है।

पृथ्वीराज रोड पर हुई यह खरीदारी इसलिए भी खास है, क्योंकि लुटियंस में प्राइवेट प्रॉपर्टीज बेहद कम बिकती हैं। दिल्ली रिलायंस के लिए प्रशासनिक और बिजनेस के लिहाज से बेहद अहम केंद्र है, इसलिए कंपनी ने यह निवेश किया है। लुटियंस दिल्ली की स्थापना ब्रिटिश राज के दौरान हुई थी, जब अंग्रेजों ने भारत की राजधानी को कोलकाता से दिल्ली शिफ्ट किया था। सर एडविन लुटियंस और हर्बर्ट बेकर ने इस पूरे प्रशासनिक और रेसिडेंशियल इलाके का नक्शा तैयार किया था। जिसमें चौड़ी सड़कें और बड़े-बड़े बगीचे भी हैं।

आज लुटियंस जोन में देश के शीर्ष संवैधानिक पदों पर बैठे नेता, जज, सैन्य अधिकारी और अडाणी, लक्ष्मी मित्तल, नवीन जिंदल जैसे देश के बड़े बिजनेसमैन रहते हैं। इस सीमित और सुरक्षित हिस्से में 350 करोड़ रुपए का यह नया सौदा एक बार फिर इस इलाके की ऐतिहासिक और कॉमर्शियल वैल्यू को साबित करता है।

प्रॉपर्टी बेचने वाले डॉ. भूपेंद्र कुमार मोदी को भारत के शुरुआती टेलीकॉम दौर के बड़े दिग्गजों में गिना जाता है। फेमस मोदी बिजनेस हाउस में जन्मे बीके मोदी को अंतरराष्ट्रीय कंपनियों के साथ पार्टनरशिप करने के कारण भारत का JV किंग यानी जॉइंट वेंचर किंग कहा जाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *