आईपीओ के लिहाज से इस साल जुलाई बेस्ट, 30,000 करोड़ रुपये के आएंगे इश्यू

अजीत सिंह, मुंबई

इस साल शेयर बाजार में भारी उतार-चढ़ाव के बावजूद आईपीओ बाजार गुलजार रहा है। उसमें भी जुलाई सबसे बेस्ट रहा है। इस महीने आईपीओ के जरिये कंपनियां कुल 30,000 करोड़ रुपये जुटाएंगी। इसमें दो इश्यू ऐसे रहे हैं जो 9,000 करोड़ रुपये से ज्यादा के हैं।

एक्सचेंजों से मिली जानकारी के अनुसार इस साल अब तक कुल 39 कंपनियों शेयर बाजार में उतरी हैं। इनमें से चार कंपनियों के आईपीओ अगले हफ्ते खुलेंगे। इनमें मणिपाल हेल्थ का 9,275 करोड़ का इश्यू भी शामिल है। इससे पहले एसबीआई फंड्स ने इस साल सबसे ज्यादा 9,795 करोड़ रुपये जुटाए थे। अगले हफ्ते आरडी का 300 करोड़ रुपये और जूनिपर ग्रीन एनर्जी का 1,800 करोड़ का इश्यू भी खुलेगा। इसके अलावा दो और कंपनियां बाजार में उतरेंगी।

इस साल अब तक बड़े इश्यू में इंडो एमआईएम ने 3,810 करोड़ रुपये जुटाया है। जानकारों के मुताबिक, सेकेंडरी बाजार में भले ही उतार-चढ़ाव है बावजूद इसके आईपीओ में निवेशकों का विश्वास बना हुआ है। निवेशक आईपीओ में अच्छा खासा फायदा कमा रहे हैं। जो बेहतर कंपनियां हैं उनके शेयर प्रीमियम पर लिस्ट हो रहे हैं। ऐसे में निवेशक आईपीओ में पैसा लगा रहे हैं।

आईपीओ का ही असर है कि बाजार में गिरावट के बावजूद बीएसई पर लिस्टेड कंपिनयों का मार्केट कैप 484 लाख करोड़ रुपये के टॉप पर इस हफ्ते पहुंच गया था। अगर बाजार में गिरावट नहीं आती तो कुल मार्केट कैप 500 लाख करोड़ रुपये के पार होता। विश्लेषकों का कहना है कि जैसे ही बाजार में सुधार होगा, हम मार्केट कैप को 500 लाख करोड़ रुपये के पार देखेंगे।

इसी तरह अगस्त में IPO मार्केट काफी गुलजार रहने वाला है। मेनबोर्ड सेगमेंट में एक दर्जन से ज्यादा IPO लॉन्च हो सकते हैं। लिस्ट में जेप्टो, ट्रूहोम फाइनेंस और शिपरॉकेट जैसे नाम भी शामिल हैं। इन कंपनियों के IPO से कुल मिलाकर 25,000 करोड़ रुपये से अधिक राशि जुटाए जाने की उम्मीद है। मर्चेंट बैंकरों के अनुसार, नए आ रहे IPO में नए शेयर जारी किए जाने के साथ-साथ मौजूदा शेयरधारकों की ओर से ऑफर फॉर सेल (OFS) भी रहेगा।

आने वाले IPO में क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म जेप्टो एक प्रमुख नाम है। कंपनी अपने पब्लिक इश्यू में नए शेयर जारी कर 8,010 करोड़ रुपये तक जुटाने की योजना बना रही है। इसके अलावा 11.34 करोड़ इक्विटी शेयरों का OFS भी रहेगा। हाउसिंग फाइनेंस कंपनी ट्रूहोम फाइनेंस का इरादा IPO से 3,000 करोड़ रुपये जुटाने का है। इसमें 1,500 करोड़ रुपये तक के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही इतने ही रुपये के शेयरों का OFS होगा। एलिवेट कैंपसेज 2,550 करोड़ रुपये का IPO ला रही है। इसमें केवल नए शेयर जारी होंगे।

शिपरॉकेट की तैयारी 2,342.35 करोड़ रुपये का IPO लाने की है। इसमें 1,100 करोड़ रुपये के नए शेयर जारी होंगे। साथ ही 1,242.35 करोड़ रुपये का OFS होगा। कंपनी एक फुल-स्टैक ई-कॉमर्स इनेबलर है। इसका मतलब हुआ कि एक ऐसी कंपनी या प्लेटफॉर्म जो किसी बिजनेस को ऑनलाइन ले जाने, चलाने और बढ़ाने के लिए शुरू से अंत तक सभी सर्विसेज और तकनीकी समाधान देती हो।
अन्य कंपनियों की बात करें तो इनोवेटिवव्यू इंडिया 2,000 करोड़ रुपये तक का IPO लाना चाहती है। यह पूरी तरह से OFS होगा। मिल्की मिस्ट डेयरी फूड का 1,553 करोड़ रुपये का IPO कतार में है। इनके अलावा धूत ट्रांसमिशन, ARCIL (एसेट रिकंस्ट्रक्शन कंपनी इंडिया लिमिटेड), गजा अल्टरनेटिव एसेट मैनेजमेंट, शंकेश ज्वेलर्स, रेज ऑफ बिलीफ, अर्डी इंडस्ट्रीज, हाई-टेक इंजीनियर्स और लर्नफ्लूएंस एजुकेशन भी कैपिटल मार्केट में उतरने की योजना बना रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *