इस शेयर में एक लाख रुपये का निवेश बन सकता है 1.91 लाख रुपये, खरीदें
मुंबई- शेयर बाजार में हाल ही में लिस्ट कंपनी कुसुमगर (KSL) के शेयरों में आने वाले 12 महीने में एक जोरदार रैली देखने को मिल सकती है। ब्रोकरेज फर्म एमके (Emkay) का मानना है कि तेज ग्रोथ की संभावनाएं, डिफेंस सेक्टर पर बढ़ता खर्च, भारत के साथ हो रहे मुक्त व्यापार समझौते (FTA) और हाईएंड एंट्री बैरियर कंपनी के बिजनेस को रफ्तार देंगे।
ब्रोकरेज का मानना है कि शेयर अपने इश्यू प्राइस से करीब 91 फीसदी और मौजूदा भाव से 42 फीसदी की जोरदार तेजी दिखा सकता है। कुसुमगर 15 जुलाई को बाजार में लिस्ट हुआ था। 419 रुपये के इश्यू प्राइस के मुकाबले BSE पर करीब 37 फीसदी के प्रीमियम के साथ 574 रुपये के भाव पर लिस्ट हुआ था। कंपनी एयरोस्पेस, डिफेंस, ऑटोमोबाइल और इंडस्ट्रियल सेक्टर के लिए फैब्रिक्स बनाती है।
एमके ने कुसुमगर लिमिटेड (KSL) को खरीदने की सलाह है। उसका मानना है कि यह अगले 12 महीने में 800 रुपये तक जा सकता है। 20 जुलाई को शेयर 563 रुपये पर बंद हुआ। इस तरह मौजूदा भाव से स्टॉक करीब 42 फीसदी का अपसाइड दिखा सकता है। हालांकि, हाल में लिस्ट इस शेयर के इश्यू प्राइस से टारगेट देखें तो करीब 91 फीसदी की जोरदार बढ़त आ सकती है।
ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के पास अगले कुछ वर्षों में तेज वृद्धि की मजबूत संभावनाएं हैं। इसकी चार प्रमुख वजहें हैं। पहली, कंपनी के सबसे ज्यादा मुनाफा देने वाले एयरोस्पेस और डिफेंस (A&D) फैब्रिक्स कारोबार में अभी भी बड़ी ग्रोथ की गुंजाइश है। दूसरी, दुनिया भर में बढ़ता रक्षा खर्च और भारत के साथ हो रहे मुक्त व्यापार समझौते (FTA) घरेलू कंपनियों के लिए नए अवसर पैदा कर रहे हैं।
तीसरी, कंपनी ऐसे प्रोडक्ट में उतर रही है, जहां दूसरी कंपनियों के लिए प्रवेश करना आसान नहीं है। इससे कंपनी को बेहतर मार्जिन मिलने की संभावना है। चौथी, कंपनी का कारोबार कई अलग-अलग क्षेत्रों में फैला हुआ है। इससे किसी एक सेगमेंट में कमजोरी आने पर पूरे कारोबार पर बड़ा असर नहीं पड़ता।

