सबसे बड़ा फंड हाउस एसबीआई, पर मार्केट कैप में तीसरे और मुनाफे में दूसरे स्थान पर

अजीत सिंह
मुंबई-
देश का सबसे बड़े फंड हाउस का तमगा लिए एसबीआई म्यूचुअल फंड का आईपीओ अगले हफ्ते खुल रहा है। भले ही आईपीओ में यह सस्ते भाव पर शेयर बेच रहा है, लेकिन कई पैरामीटर पर यह फंड हाउस अपने कंपटीटर फंड हाउसों की तुलना में काफी निचले स्तर पर है।

अर्थलाभ डॉटकॉम के आंकड़े के मुताबिक, एसबीआई फंड हाउस लिस्ट होने के बाद मार्केट कैप के आधार पर तीसरा फंड हाउस रहेगा। एयूएम के लिहाज से दूसरा सबसे बड़ा फंड हाउस आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल इस समय 1.57 लाख करोड़ रुपये के साथ सबसे बड़ा फंड हाउस है। एचडीएफसी एसेट मैनेजमेंट का मार्केट कैप 1.18 लाख करोड़ रुपये है। एसबीआई का मार्केट कैप 1.17 लाख करोड़ रुपये रहेगा। निप्पॉन का मार्केट कैप 77000 करोड़ रुपये है।

इसी तरह मुनाफे के मामले में भी आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल की बादशाहत है। इस फंड हाउस का वित्त वर्ष 2025-26 में कुल शुद्ध फायदा 3,298 करोड़ रुपये रहा है। एसबीआई का फायदा 3,067 करोड़ रुपये है। एचडीएफसी का फायदा 2859 करोड़ रुपये है। निप्पॉन ने 1,498 करोड़ रुपये का मुनाफा कमाया है तो यूटीआई का फायदा 539 करोड़ और आदित्य बिरला सनलाइफ का फायदा 985 करोड़ रुपये रहा है।

हालांकि, एसबीआई इस समय सबसे सस्ते भाव पर शेयर दे रहा है। एसबीआई म्यूचुअल फंड का शेयर 38.2 के पीई पर कारोबार कर रहा है जबकि आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल का शेयर 47 के पीई पर कारोबार कर रहा है। एचडीएफसी म्यूचुअल फंड का शेयर 41 के पीई पर और निप्पॉन का शेयर सबसे ज्यादा 50 के पीई पर कारोबार कर रहा है।

पहली तिमाही यानी अप्रैल से जून के बीच एयूएम के लिहाज से देश में शीर्ष दस फंड हाउसों में एसबीआई 12.57 लाख करोड़ रुपये के साथ पहले स्थान पर है। आईसीआईसीआई प्रूडेंशियल का एयूएम इस दौरान 11.14 लाख करोड़ रुपये और एचडीएफसी म्यूचुअल फंड का एयूएम 9.35 लाख करोड़ रुपये रहा है। एसबीआई फंड इसलिए पहले स्थान पर है क्योंकि उसके पास सरकारी पैसा ज्यादा है।

इसी तरह से 7.51 लाख करोड़ रुपये के एयूएम के साथ निप्पॉन चौथे पर और 5.90 लाख करोड़ रुपये के साथ कोटक फंड हाउस पांचवें स्थान पर है। 4.27 लाख करोड़ रुपये के साथ बिरला छठें पर और 3.92 लाख करोड़ रुपये के साथ यूटीआई सातवें पर है। एक्सिस आठवें स्थान पर है। इसका एयूएम 3.69 लाख करोड़ रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *