पिछले वित्त वर्ष में टेक महिंद्रा के सीईओ को मिला 67 करोड़ रुपये का वेतन

मुंबई- दिग्गज टेक कंपनी टेक महिंद्रा के सीईओ और एमडी मोहित जोशी को पिछले वित्त वर्ष 2026 में ₹67.54 करोड़ की सैलरी मिली। सालाना आधार पर यह 11.76% अधिक रहा। आईटी कंपनी की सालाना रिपोर्ट से यह जानकारी सामने आई है।

देश की सबसे बड़ी आईटी कंपनी टीसीएस के सीईओ K Krithivasan को वित्त वर्ष 2026 में ₹28 करोड़, इंफोसिस के सीईओ सलिल पारेख को ₹82.6 करोड़, विप्रो के श्रीनिवास पल्लिया को ₹49.6 करोड़ और एलटीएम के वेनु लांबू को ₹27.26 करोड़ मिले।

टेक महिंद्रा के सीईओ की सैलरी हाइक में ESOPs (एंप्लॉयी स्टॉक ओनरशिप प्लान) शामिल है। अगर इसे निकाल दिया जाए तो मोहित जोशी को वित्त वर्ष 2026 में सालाना आधार पर 20.39% अधिक सैलरी मिली। वित्त वर्ष 2025 में उनकी सैलरी ₹52.1 करोड़ थी।

मोहित जोशी के वित्त वर्ष 2026 के सैलरी पैकेज में वास्तविक सैलरी 17 करोड़ रुपये रही। इसॉप के 36.65 करोड़ का मूल्य और परफॉर्मेंस से जुड़े बोनस के तौर पर 13.8 करोड़ रुपये भी इसमें शामिल हैं। वित्त वर्ष 2026 की शुरुआत में उनके पास 4,68,130 शेयर थे और बाद में उन्हें 1,97,718 शेयर और मिले।

कंपनी की सालाना रिपोर्ट के मुताबिक ESOP मिलाकर मोहित जोशी की सैलरी कंपनी के एंप्लॉयीज की मीडियन सैलरी से 1,085.27 गुना अधिक रही। साथ ही वित्त वर्ष 2026 में एंप्लॉयीज के मीडियन पैकेज में 4.89% की गिरावट आई। मीडियन सैलरी का मतलब है कि कंपनी में ऊपर से नीचे तक के सभी एंप्लॉयीज में आधे की सैलरी मीडियन लेवल से अधिक है तो आधे की इस लेवल से कम और टेक महिंद्रा के सीईओ का पैकेज मीडियन सैलरी से 1085 गुना अधिक रहा। वित्त वर्ष 2026 के आखिरी में कंपनी के 1,19,337 स्थायी कर्मचारी थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *