पूर्व पीएम गुजराल के बेटे को ठगों ने लगाया 7.8 करोड़ का चूना, साइबर स्कैम

मुंबई-पूर्व प्रधानमंत्री आई.के. गुजराल के बेटे के साथ साइबर स्कैम का मामला सामने आया है। राज्यसभा के पूर्व सांसद नरेश गुजराल के साथ 7.8 करोड़ रुपये की ऑनलाइन धोखाधड़ी हुई है। साइबर जालसाजों ने एक मैसेजिंग ऐप पर उनकी पहचान का इस्तेमाल किया।

पुलिस के मुताबिक, ठगों ने गुजराल की कंपनी के चीफ फाइनेंशियल ऑफिसर (CFO) को कई बैंक अकाउंट में पैसे ट्रांसफर करने के लिए बहका दिया। 78 वर्षीय नरेश दिवंगत आई.के. गुजराल के बेटे हैं। आई.के. गुजराल 1997 से 1998 तक भारत के 12वें प्रधानमंत्री रहे थे।

पुलिस के अनुसार, यह धोखाधड़ी 12 जून से 16 जून के बीच हुई। इस दौरान, स्कैमर्स ने नरेश गुजराल की डिस्प्ले पिक्चर का इस्तेमाल करके एक ऑनलाइन मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर अकाउंट बनाया और खुद को गुजराल बताकर धोखाधड़ी की। उन्होंने उनके एक कर्मचारी को मैसेज भेजकर निर्देश दिया कि वह बिजनेस से जुड़े जरूरी काम के लिए एक खास बैंक अकाउंट में रियल-टाइम ग्रॉस सेटलमेंट (RTGS) के जरिए पैसे ट्रांसफर करें।

निर्देशों को सही मानकर उस कर्मचारी ने जिसे गुजराल ने फाइनेंशियल एक्सेस दिया था चार दिनों में चार अलग-अलग RTGS ट्रांजैक्‍शन किए। इससे 7.8 करोड़ रुपये का नुकसान हुआ। इस घोटाले का पता 16 जून को चला जब गुजराल की बेटी की नजर इन ट्रांजैक्‍शन पर पड़ी और उन्होंने तुरंत अपने पिता से मामले की पुष्टि की।

नरेश गुजराल ने कहा उन्होंने कोई ऐसा निर्देश नहीं दिया है। उन्हें इन ट्रांसफर के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। इसके बाद परिवार और कंपनी कर्मचारियों को एहसास हुआ कि वे पहचान की चोरी वाले घोटाले का शिकार हो गए हैं। जांचकर्ताओं ने बताया कि तुरंत कार्रवाई करते हुए अधिकारियों ने धोखाधड़ी से जुड़े कई अकाउंट्स पर रोक लगाकर लगभग 4 करोड़ रुपये को फ्रीज कर दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *