रिलायंस इंडस्ट्रीज, HDFC और Infosys के शेयरों से पैसा निकाल रहे हैं विदेशी निवेशक

मुंबई- 2022 में रूस-यूक्रेन युद्ध शुरू होने के बाद विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार से काफी पैसा निकाला। इसके बाद यह धारणा बनने लगी कि शायद विदेशी निवेशकों का भारत से भरोसा कम हो रहा है। लेकिन अब ICICI Securities की एक नई रिपोर्ट एक अलग तस्वीर दिखा रही है।

रिपोर्ट के मुताबिक विदेशी निवेशक भारत से पूरी तरह बाहर नहीं जा रहे हैं, बल्कि अब उनका निवेश करने का तरीका बदल रहा है। पहले जहां उनका पैसा कुछ चुनिंदा बड़े शेयरों में ज्यादा लगा होता था, वहीं अब वे ज्यादा कंपनियों और नए सेक्टरों में पैसा फैला रहे हैं।

ICICI Securities की रिपोर्ट कहती है कि भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की कुल हिस्सेदारी अब घटकर करीब 15 फीसदी रह गई है। करीब 10 साल पहले यह हिस्सेदारी 20 फीसदी के आसपास थी। यानी पिछले दशक में विदेशी निवेशकों की पकड़ कुछ कमजोर हुई है।

रिपोर्ट के मुताबिक सबसे ज्यादा बदलाव 2022 के बाद देखने को मिला। रूस-यूक्रेन युद्ध और वैश्विक अनिश्चितता के दौरान विदेशी निवेशकों ने भारतीय बाजार के कई बड़े शेयरों में हिस्सेदारी घटानी शुरू की। 2022 में विदेशी निवेशकों के भारतीय पोर्टफोलियो का करीब 41 फीसदी हिस्सा कुछ बड़े शेयरों में केंद्रित था। लेकिन अब यह हिस्सा घटकर करीब 21 फीसदी रह गया है।

HDFC Bank, Reliance Industries, Infosys, TCS, Kotak Mahindra Bank और Asian Paints जैसे बड़े शेयरों में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी कम हुई है। उदाहरण के तौर पर HDFC और HDFC Bank का योगदान 11.6 फीसदी से घटकर 6.9 फीसदी रह गया। Reliance Industries का हिस्सा 9.1 फीसदी से गिरकर 5.3 फीसदी हो गया। Infosys और TCS में भी विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी में तेज गिरावट देखने को मिली।

रिपोर्ट का कहना है कि इसका मतलब यह नहीं है कि FPIs भारत छोड़ रहे हैं, बल्कि वे अब पुराने बड़े शेयरों से निकलकर नए अवसर तलाश रहे हैं। रिपोर्ट की सबसे दिलचस्प बात यह है कि विदेशी निवेशक अब ज्यादा कंपनियों में निवेश कर रहे हैं। जिन कंपनियों में FPIs की हिस्सेदारी 1 फीसदी से ज्यादा है, उनकी संख्या करीब 900 से बढ़कर 1300 तक पहुंच गई है। यानी अब विदेशी निवेशक सिर्फ कुछ बड़े नामों पर निर्भर नहीं रहना चाहते। वे हाई ग्रोथ वाले सेक्टरों और उभरती कंपनियों पर ज्यादा दांव लगा रहे हैं।

ICICI Securities की रिपोर्ट के मुताबिक विदेशी निवेशकों ने कई नए और तेजी से बढ़ते सेक्टरों में हिस्सेदारी बढ़ाई है। Consumer Discretionary, Industrials, Healthcare और Financial Services जैसे क्षेत्रों में विदेशी निवेश तेजी से बढ़ा है। Eternal Ltd में विदेशी हिस्सेदारी 10.4 फीसदी से बढ़कर 30.8 फीसदी पहुंच गई है। HDFC AMC में यह 10.4 फीसदी से बढ़कर 24.5 फीसदी हो गई। वहीं Polycab India में विदेशी निवेशकों की हिस्सेदारी 5.8 फीसदी से बढ़कर 18.2 फीसदी तक पहुंच गई।

Midcap कंपनियों में Max Healthcare, GE Vernova T&D और One 97 जैसी कंपनियों में भी FPIs ने हिस्सेदारी तेजी से बढ़ाई है। Smallcap और Microcap शेयरों में भी विदेशी निवेशकों की दिलचस्पी बढ़ती दिख रही है। रिपोर्ट के मुताबिक अप्रैल 2026 में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में करीब 609 अरब रुपये की बिकवाली की। सबसे ज्यादा बिकवाली फाइनेंशियल सेक्टर में हुई, जहां से करीब 309 अरब रुपये निकाले गए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *