चांदी एक दिन में 18,693 रुपये सस्ती, सोने में 2,949 रुपये की भारी गिरावट
मुंबई-सोने-चांदी की कीमतों में 15 मई को गिरावट रही। एक किलो चांदी 18,693 रुपए घटकर 2.68 लाख रुपए रह गई, जो गुरुवार को 2.87 लाख रुपए पर थी। वहीं, 10 ग्राम 24 कैरेट सोना 2,949 रुपए घटकर 1.58 लाख रुपए आ गया। इससे पहले 16 अप्रैल को यह 1.61 लाख पर था।
सोना ऑल टाइम हाई से 106 दिन में 17,911 रुपए और चांदी 1,17,433 रुपए सस्ती हुई है। 29 जनवरी को सोना ₹1.76 लाख/10 ग्राम और चांदी ₹3.86 लाख/किलो थी। अमेरिका-ईरान तनाव, महंगे ऊर्जा दाम और सप्लाई चेन की चिंता के कारण निवेशक डॉलर और अमेरिकी बॉन्ड की तरफ जा रहे हैं, जिससे सोने की चमक फीकी पड़ी है।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी सोना करीब 104 डॉलर टूटकर 4,548 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया, जबकि चांदी 5 डॉलर से ज्यादा गिरकर 78 डॉलर प्रति औंस रह गई। कच्चे तेल की कीमत बढ़ने और डॉलर मजबूत होने से सोना-चांदी पर दबाव बढ़ा है। हाल के दिनों में तेज उछाल के बाद निवेशकों ने मुनाफावसूली भी की। अब बाजार की नजर अमेरिका-चीन बैठक, ट्रंप की नीतियों और अमेरिका-इजराइल-ईरान तनाव से जुड़े घटनाक्रम पर रहेगी।

