अदाणी एंटरप्राइजेज को चौथी तिमाही ₹221 करोड़ का घाटा, 1.30 रुपये डिविडेंड देगी
मुंबई- अदाणी एंटरप्राइजेज ने 30 अप्रैल को वित्त वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही के नतीजे जारी किए। इस तिमाही में कंपनी को ₹221 करोड़ का नेट लॉस हुआ है। पिछले साल की इसी तिमाही में कंपनी को ₹3,845 करोड़ का नेट प्रॉफिट हुआ था।
हालांकि, कंपनी का रेवेन्यू 20 फीसदी बढ़ा है और यह 32,439 करोड़ रुपये पर पहुंच गया है जो पिछले साल की तिमाही में 26,965 करोड़ रुपये था। नतीजों के साथ ही अदाणी एंटरप्राइजेज के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2025-26 के लिए ₹1.30 प्रति शेयर के डिविडेंड की सिफारिश की है।
पूरे वित्त वर्ष (FY26) में अदाणी एंटरप्राइजेज का शुद्ध मुनाफा 31 फीसदी बढ़कर 9,339 करोड़ रुपये रहा है। इस दौरान कंपनी की कुल आय में 3% की मामूली बढ़त हुई और यह ₹1.02 लाख करोड़ के पार पहुंच गई।
कंपनी ने बताया कि मुनाफे (PAT) में कमी आने की मुख्य वजह हाल ही में शुरू हुए नवी मुंबई एयरपोर्ट और कॉपर प्लांट जैसे प्रोजेक्ट्स हैं। इन नए कमीशन किए गए एसेट्स पर डेप्रिसिएशन बढ़ने के कारण बॉटमलाइन प्रभावित हुई है। हालांकि, ऑपरेशनल परफॉर्मेंस स्थिर बनी हुई है। कंपनी का EBITDA सालाना आधार पर 3% बढ़कर ₹4,479 करोड़ रहा है, जो पिछले साल ₹4,346 करोड़ था।
कंपनी की कमाई का बड़ा हिस्सा कोर इंफ्रास्ट्रक्चर और यूटिलिटी पोर्टफोलियो से आ रहा है। कुल एबिट्डा में इस सेगमेंट का योगदान करीब 80% हो गया है। इससे कंपनी के कैश फ्लो में मजबूती और स्थिरता आई है। कुछ सेगमेंट्स में उतार-चढ़ाव के बावजूद इंफ्रास्ट्रक्चर बिजनेस ने कंपनी की स्थिति को मजबूत बनाए रखा है।

