स्टैंडर्ड चार्टर्ड के 4.5 लाख क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को खरीदेगा फेडरल बैंक, यह है योजना

मुंबई-  प्राइवेट सेक्टर के फेडरल बैंक विदेशी बैंक स्टैंडर्ड चार्टर्ड के भारत स्थित रिटेल क्रेडिट कार्ड पोर्टफोलियो के एक बड़े हिस्से का अधिग्रहण करने जा रहा है। इस डील के तहत फेडरल बैंक लगभग 4,50,000 क्रेडिट कार्ड ग्राहकों को अपने साथ जोड़ेगा। दोनों बैंकों के बीच इस ट्रांजैक्शन को लेकर एक निश्चित समझौता (Definitive Agreement) होने वाला है।

हालांकि, इस डील की सही कीमत का खुलासा अभी नहीं किया गया है, लेकिन फेडरल बैंक के अनुमान के मुताबिक यह पोर्टफोलियो इंप्लाइड इक्विटी के लगभग 1.5 से 1.6 गुना के बराबर है। डील की अंतिम रकम इस बात पर निर्भर करेगी कि ट्रांसफर के समय ग्राहकों का बैलेंस और उनकी सहमति कितनी रहती है। यह ट्रांजैक्शन साल 2026 के अंत तक पूरा होने की उम्मीद है।

इस अधिग्रहण के जरिए फेडरल बैंक की कोशिश अपनी क्रेडिट कार्ड बाजार में हिस्सेदारी बढ़ाने और बड़े शहरों में अपनी पकड़ मजबूत करने की है। फेडरल बैंक के लिए यह डील रणनीतिक रूप से काफी अहम मानी जा रही है। इसका सबसे बड़ा कारण यह है कि स्टैंडर्ड चार्टर्ड से मिलने वाले इन 4.5 लाख कार्डों में से करीब 75 प्रतिशत ग्राहक भारत के टॉप-8 शहरों (टियर-1 मार्केट) से ताल्लुक रखते हैं।

इस अधिग्रहण के बाद इन प्रमुख शहरों में फेडरल बैंक की मौजूदगी दोगुनी से भी ज्यादा हो जाएगी। बैंक को उम्मीद है कि उसे पुराने और अनुभवी ग्राहकों का एक तैयार पोर्टफोलियो मिलेगा, जिससे बैंक के खुदरा कारोबार को नई रफ्तार मिलेगी।

मार्च 2026 तक फेडरल बैंक के पास कुल 22.4 लाख क्रेडिट कार्ड थे। इस डील के बाद बैंक के नॉन-को-ब्रांडेड क्रेडिट कार्ड कारोबार में करीब 90 फीसदी की बढ़ोतरी होने का अनुमान है। फेडरल बैंक के MD और CEO केवीएस मनियन ने कहा कि यह अधिग्रहण बैंक के रिटेल क्रेडिट कार्ड बिजनेस को और मजबूत करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *