सोने की चमक पड़ी फीकी, साल भर में 60 प्रतिशत तक बढ़े दाम, यह है कारण

मुंबई- इस साल 19 अप्रैल को मनाए जाने वाले अक्षय तृतीया पर पीली धातु की चमक कुछ अलग ही कहानी बयां कर रही है। पिछले साल की अक्षय तृतीया से लेकर अब तक सोने की कीमतों में लगभग 60% का जोरदार उछाल आ चुका है।

बाजार के ताजा हालातों पर नजर डालें तो घरेलू कीमतें इस हफ्ते तीन हफ्ते के उच्च स्तर पर पहुंच गईं। शुक्रवार को 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1,52,800 रुपये के आसपास दर्ज किया गया, जो कुछ दिन पहले ही 1,54,934 रुपये के रिकॉर्ड स्तर तक जा चुका था। कीमतों में आई इस ऐतिहासिक तेजी ने खरीदारों के पसीने छुड़ा दिए हैं। हालांकि, अक्षय तृतीया की वजह से मांग में हल्की बढ़त जरूर देखी गई है, लेकिन शोरूम्स में वो रौनक गायब है जो आमतौर पर इस सीजन में होती है।

त्योहार नजदीक आते ही ज्वेलर्स ने अपनी दुकानें तो सजा ली हैं, लेकिन ग्राहकों का फुटफॉल उम्मीद से काफी कम है। दिल्ली के ज्वेलर्स का कहना है कि लोग अक्षय तृतीया के लिए एडवांस बुकिंग की पूछताछ तो कर रहे हैं, लेकिन जब बात खरीदारी की आती है, तो ऊंची कीमतें उनके कदम रोक देती हैं। दुकानों में भीड़ सामान्य से काफी कम है और लोग अब भारी ज्वेलरी के बजाय छोटे सिक्कों या बहुत ही हल्की ज्वेलरी को प्राथमिकता दे रहे हैं।

सिर्फ खुदरा ग्राहक ही नहीं, बल्कि बड़े डीलर्स भी इस बार सावधानी बरत रहे हैं। मुंबई के बुलियन डीलर्स का मानना है कि आमतौर पर इस समय तक ज्वेलर्स भारी मात्रा में सोने का स्टॉक जमा कर लेते थे, लेकिन इस साल थोक खरीदारी न के बराबर है। बाजार में वो उत्साह महसूस नहीं हो रहा है जो एक बड़े त्योहार से पहले होता है।

सोने की बढ़ती कीमतों का असर सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है। दुनिया के सबसे बड़े स्वर्ण उपभोक्ता देश चीन में भी इस समय खरीदारी की रफ्तार सुस्त पड़ गई है। चीन में खुदरा मांग घटने की वजह से सोने पर मिलने वाला प्रीमियम काफी गिर गया है। जहां पिछले हफ्ते यह 12 से 17 डॉलर प्रति औंस था, वहीं अब यह घटकर 3 से 5 डॉलर रह गया है। हालांकि, दिलचस्प बात यह है कि चीन का सेंट्रल बैंक लगातार 17 महीनों से सोने की खरीदारी कर रहा है, जिसने वैश्विक स्तर पर कीमतों को गिरने नहीं दिया है।

पूरी दुनिया में ज्वेलरी की मांग पिछले साल के मुकाबले लगभग 25% तक गिर गई है। हांगकांग, सिंगापुर और जापान जैसे बाजारों में भी फिजिकल गोल्ड पर प्रीमियम की स्थिति बहुत अनिश्चित बनी हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में स्पॉट गोल्ड की कीमतें लगातार तीसरे हफ्ते बढ़त की ओर हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *