डीमार्ट के शेयरों में आ सकती है 50 पर्सेंट तक गिरावट, जान लें कहां तक जाएगा
मुंबई- अमेरिकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप की ईरान को नई धमकी से बाजार में एक बार चिंता बढ़ गई है। इस बीच एमके ग्लोबल ने रिटेल सेक्टर की कंपनी पर अपनी बेचने की सलाह दी है। राधाकिशन दमानी के मालिकाना हक वाली हाइपरमार्केट चेन डीमार्ट की मूल कंपनी एवेन्यू सुपरमार्ट्स पर ब्रोकरेज का कहना है कि कंपनी के शेयर का वैल्यूएशन हाई बना हुआ है। इसमें 50 प्रतिशत तक की गिरावट आ सकती है।
एमके ग्लोबक ने एवेन्यू सुपरमार्ट्स लिमिटेड (डिमार्ट) के शेयरों को बेचने की सलाह दी है। ब्रोकरेज ने कहा, यह शेयर 3,700 रुपये तक जा सकता है यानी इसमें मौजूदा भाव से 16 फीसदी की गिरावट आ सकती है। बेयर केस में ब्रोकरेज ने स्टॉक के 2,200 रुपये तक गिरने का अनुमान जताया है जो इसके मौजूदा भाव से 50 फीसदी कम है।
इस समय यह शेयर 4382.60 रुपये के आस पास कारोबार कर रहा है। ब्रोकरेज ने रिपोर्ट में कहा कि 70 गुना के फॉरवर्ड प्राइस-टू-अर्निंग मूल्यांकन पर यह शेयर उस बिजनेस को दर्शा रहा है, जो डीमार्ट को भविष्य में बनना है, न कि जो वह फिलहाल है।
ब्रोकरेज के अनुसार, भारत की क्विक-कॉमर्स कंपनियां अब मंथली खरीदारी के आधार पर डीमार्ट से केवल 4 से 13 प्रतिशत ही महंगे रह गए हैं और डिस्काउंट के बाद यह अंतर लगभग खत्म हो जाता है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि वित्त वर्ष 2020 के बाद से प्रति वर्ग फुट बिक्री (बुल कट) में 6 प्रतिशत की गिरावट आई है, जबकि डार्क स्टोर्स की संख्या 421 से बढ़कर 2,000 हो गई है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हाल के वर्षों में स्टोर की संख्या बढ़कर 500 होने के बावजूद डीमार्ट अभी भी भारत के कुल रिटेल बाजार के केवल 50 प्रतिशत हिस्से को ही कवर करता है। 4.2 गुना के प्राइस-टू-अर्निंग ग्रोथ अनुपात पर, जबकि ट्रेंट और टाइटन 2.6 गुना पर कारोबार कर रहे हैं। बाजार ऐसे कारोबार के लिए प्रीमियम दे रहा है, जिसे अभी संरचनात्मक सुधार की जरूरत है।

