शेयर बाजार में पिछले हफ्ते रिलायंस और टीसीएस को करोड़ों रुपये का नुकसान

मुंबई- घरेलू शेयर बाजारों में गिरावट के साथ देश की शीर्ष 10 मूल्यवान कंपनियों में से आठ के मार्केट कैप (Mcap) में पिछले सप्ताह 2.02 करोड़ रुपये की गिरावट आई। इसमें सबसे ज्यादा नुकसान रिलायंस इंडस्ट्रीज (RIL) और टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) को हुआ।

पिछले सप्ताह बीएसई सेंसेक्स (BSE Sensex) 1,181.84 अंक यानी 1.43 प्रतिशत नुकसान में रहा। बाजार पूंजीकरण से आशय कंपनी के शेयर के कुल मूल्य से है। इसे कुल जारी शेयर को मौजूदा बाजार भाव पर गुना कर प्राप्त किया जाता है।

रिलायंस इंडस्ट्रीज का बाजार पूंजीकरण (RIL Mcap) 60,824 करोड़ रुपये घटकर 19.82 लाख करोड़ रुपये पर आ गया। टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (TCS) का मूल्यांकन 34,136 करोड़ रुपये घटकर 16.13 लाख करोड़ रुपये रहा। भारतीय स्टेट बैंक का मार्केट कैप 29,495.84 करोड़ रुपये घटकर 6,98,440 करोड़ रुपये और भारती एयरटेल का 28,379.54 करोड़ रुपये घटकर 8,76,207 करोड़ रुपये रहा।

इन्फोसिस का बाजार पूंजीकरण (Mcap) 17,061 करोड़ रुपये घटकर 7,89,819 करोड़ रुपये और भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) का बाजार पूंजीकरण (एमकैप) 16,381 करोड़ रुपये घटकर 6,57,009 करोड़ रुपये पर रहा।

आईसीआईसीआई बैंक का एमकैप 15,169.76 करोड़ रुपये घटकर 8.51 लाख करोड़ रुपये और आईटीसी का एमकैप 250 करोड़ रुपये घटकर 6,27,337 करोड़ रुपये रहा। हालांकि, हिंदुस्तान यूनिलीवर का बाजार पूंजीकरण 14,179 करोड़ रुपये बढ़कर 6,66,919.73 करोड़ रुपये हो गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *