बाजार को रास नहीं आया बजट आज भी भारी गिरावट, 59 हजार के नीचे  

नई दिल्ली। शेयर बाजार को बजट रास नहीं आया। बजट शुरू होने से पहले सुबह बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) का सेंसेक्स 600 अंक ऊपर था और दिन में यह 1,223 अंक तक ब़ढ़कर 60,773 के स्तर तक चला गया था। लेकिन बंद होते समय यह केवल 158.18 अंक या 0.27 फीसदी बढ़कर 59,708.08 पर बंद हुआ। गुरुवार को भी इसमें भारी गिरावट है और यह 59 हजार के नीचे पहुंच गया है।  

नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) का निफ्टी इसी दौरान 45.85 अंक या 0.26 फीसदी बढ़त के साथ 17,616.30 पर बंद हुआ। विश्लेषकों का कहना है कि हिंडनबर्ग की रिपोर्ट और अमेरिका में ब्याज दरों के बढ़ने का असर बाजार में देखा गया। 

जियोजित फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, बजट में नई कर व्यवस्था को आगे बढ़ाने के कारण जीवन बीमा कंपनियों में भारी बिकवाली देखने को मिली है, जिससे बीमा उत्पाद कर बचत के साधन के रूप में कम आकर्षक बन गए हैं। 

सेंसेक्स में बढ़ने वाले प्रमुख शेयरों में आईटीसी, टाटा स्टील, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज (टीसीएस), एचडीएफसी, एचडीएफसी बैंक और कोटक महिंद्रा बैंक थे। बजाज फिनसर्व, एसबीआई, इंडसइंड बैंक और महिंद्रा एंड महिंद्रा गिरावट में थे। 

सेंसेक्स के 30 शेयरों में से 16 बढ़त में और 14 गिरावट में रहे। कुल 3,649 शेयरों में कारोबार हुआ। इसमें से 1,176 बढ़त में और 2,368 गिरावट में रहे। सेंसेक्स 60,001 पर खुला था। इसने 60,773 का ऊपरी और 58,816 का निचला स्तर बनाया। बुधवार को विदेशी निवेशकों ने 1,785 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। जबकि मंगलवार को उन्होंने 5,439 करोड़ रुपये के शेयर बेचे थे। 

हिंडनबर्ग की रिपोर्ट के एक हफ्ते बाद भी अदाणी के शेयरों में गिरावट जारी है। बुधवार को अदाणी एंटरप्राइजेज का शेयर 28.45 फीसदी गिरकर 2,128 रुपये पर बंद हुआ। अदाणी पोर्ट में 19.69 फीसदी की, अदाणी पावर में 4.98 फीसदी, अदाणी ट्रांसमिशन में 2.46 फीसदी, अदाणी ग्रीन एनर्जी में 5.78 फीसदी की गिरावट रही। 

अदाणी टोटल गैस का शेयर 10 फीसदी, अदाणी विल्मर का 4.99 और एनडीटीवी का शेयर 4.99 फीसदी गिरकर बंद हुआ। एसीसी का शेयर 6.34 फीसदी और अंबुजा का शेयर 16.56 फीसदी गिरकर बंद हुआ। इससे अदाणी समूह की कंपनियों का कुल बाजार पूंजीकरण घटकर लाख करोड़ हो गया जो एक हफ्ते पहले 19.20 लाख करोड़ रुपये था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *