दुनिया की पहली कंपनी अमेजन, जिसका मार्केट कैप 82 लाख करोड़ घटा
मुंबई- दिग्गज ई-कॉमर्स कंपनी अमेजन के नाम एक अनचाहा रेकॉर्ड चस्पा हो गया है। अमेजन 82 लाख करोड़ रुपये का मार्केट कैप गंवाने वाली दुनिया की पहली लिस्टेड कंपनी बन गई है। बुधवार को कंपनी के शेयरों में 4.3 फीसदी गिरावट आई। इससे कंपनी की मार्केट वैल्यू 879 अरब डॉलर रह गई।
जुलाई 2021 में कंपनी की मार्केट वैल्यू रेकॉर्ड 1.88 लाख करोड़ डॉलर पहुंच गई थी। इन अनचाहे रेकॉर्ड के लिए अमेजन और माइक्रोसॉफ्ट कॉर्प में कड़ी होड़ चल रही थी। माइक्रोसॉफ्ट का मार्केट कैप पिछले साल नवंबर में रेकॉर्ड लेवल पर पहुंचा था। उसके बाद से इसमें 889 अरब डॉलर की कमी आई है।
इस साल टेक शेयरों में भारी गिरावट आई है। अमेरिका की पांच टॉप टेक कंपनियों के मार्केट कैप में इस साल करीब चार लाख करोड़ डॉलर की गिरावट आई है। अमेजन दुनिया की सबसे बड़ी ऑनलाइन रिटेलर है। इस साल कंपनी के शेयरों में करीब 50 फीसदी गिरावट आई है। इससे कंपनी के फाउंडर जेफ बेजोस की नेटवर्थ में 83.2 अरब डॉलर की गिरावट आई है और अब यह 109 अरब डॉलर रह गई है। बुधवार को ऐमजॉन के शेयरों में गिरावट के कारण उनकी नेटवर्थ में 3.75 अरब डॉलर की गिरावट आई है।
अमेजन के बाजार पूंजीकरण में गिरावट भारत की सबसे मूल्यवान कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज के मार्केट कैप से करीब पांच गुना है। मुकेश अंबानी की अगुवाई वाली इस कंपनी का मार्केट कैप 17 लाख करोड़ रुपये है। दुनिया की सबसे मूल्यवान कंपनी आईफोन बनाने वाली एपल है जिसका मार्केट कैप 2.14 ट्रिलियन डॉलर है। इसके बाद सऊदी अरामको, माइक्रोसॉफ्ट, अल्फाबेट और फिर अमेजन है। इस लिस्ट में रिलायंस 36वें नंबर पर है।

