सेबी चेयरमैन की रेस में माधबी पुरी बुच, एमएस साहू सबसे आगे
मुंबई- भारतीय प्रतिभूति एवं विनिमय बोर्ड (सेबी) के चेयरमैन पद के लिए नए नामों को लेकर एक बार फिर चर्चा का बाजार गर्म है। मौजूदा प्रमुख अजय त्यागी का कार्यकाल अगले महीने खत्म हो रहा है। Insolvency and Bankruptcy Board of India (IBBI) इंसालवेंसी एंड बैकरप्सी बोर्ड (आईबीबीआई) के प्रमुख एमएस साहू और सेबी की होल टाइम मेंबर माधबी पुरी बुच इसमें प्रमुख दावेदार हैं।
इन नामों के अलावा, कॉर्पोरेट मामलों के पूर्व सचिव इंजेती श्रीनिवास और वित्त एवं कॉर्पोरेट मामलों के मंत्रालयों के कुछ अन्य सीनियर अधिकारी भी सेबी प्रमुख के दौड़ में शामिल हैं। सोमवार की देर शाम जारी एक नोटिफिकेशन के मुताबिक, इंजेती श्रीनिवास को इंटरनेशनल फाइनेंशियल सर्विसेज सेंटर्स ऑथॉरिटी का चेयरमैन नियुक्त किया गया है।
हिमाचल प्रदेश कैडर के 1984 बैच के आईएएस अधिकारी त्यागी की सेबी प्रमुख पद पर नियुक्ति 2017 में तीन साल के लिए हुई थी। उन्होंने पदभार एक मार्च 2017 को संभाला था। वित्त मंत्रालय के आर्थिक मामलों के विभाग की ओर से 24 जनवरी को जारी नोटिस में पात्र उम्मीदवारों से सेबी चेयरमैन पद के लिए आवेदन मांगे गए थे। हालांकि, कोरोना वायरस संकट के बीच सेबी में निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए उन्हें छह महीने का सेवा विस्तार दिया गया था।

