Mahanadi Coalfields IPO: 129 से 136 रुपये भाव, 19 नवंबर से खुलेगा
मुंबई- सरकारी कंपनी कोल इंडिया की सब्सिडियरी महानदी कोलफील्ड्स लिमिटेड का IPO 19 नवंबर से 23 नवंबर तक खुलेगा। इसका भाव 129 से 136 रुपये रखा गया है। कंपनी इस आईपीओ के जरिये 8,981 करोड़ रुपये जुटाएगी।
महानदी कोलफील्ड्स मुख्य रूप से ओडिशा में काम करती है और इसने वित्त वर्ष 2026 में भारत के कुल घरेलू कोयला उत्पादन में 21 प्रतिशत का योगदान दिया। कोल इंडिया के उत्पादन में इसकी हिस्सेदारी 28.4 प्रतिशत रही। वित्त वर्ष 2026 के दौरान भारत के कुल कोयला उत्पादन में कोल इंडिया का योगदान लगभग 74 प्रतिशत था।
महानदी कोलफील्ड्स के IPO में 66.18 करोड़ शेयरों का केवल ऑफर फॉर सेल रहेगा। इसमें कोल इंडिया शेयरों को बिक्री के लिए रखेगी। महानदी कोलफील्ड्स में कोल इंडिया के पास पूरी 100 प्रतिशत हिस्सेदारी है। कंपनी के शेयर NSE और BSE पर 27 नवंबर को लिस्ट हो सकते हैं।
कंपनी का वित्त वर्ष 2025-26 में शुद्ध मुनाफा 1.3 प्रतिशत की गिरावट के साथ 10,678 करोड़ रुपये रहा। रेवेन्यू 2.6 प्रतिशत की गिरावट के साथ 30,550 करोड़ रुपये हो गया। वित्त वर्ष 2026 में महानदी कोलफील्ड्स का उत्पादन 218.31 मिलियन टन रहा। IPO में 50 प्रतिशत हिस्सा क्वालिफाइड इंस्टीट्यूशनल बायर्स के लिए, 35 प्रतिशत हिस्सा रिटेल इनवेस्टर्स के लिए और 15 प्रतिशत हिस्सा नॉन इंस्टीट्यूशनल इनवेस्टर्स के लिए रिजर्व है।

