कच्चे तेल की कीमतों में 6 सालों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट, 97 डॉलर आया
मुंबई- कच्चे तेल की कीमतों में पिछले 6 सालों की सबसे बड़ी साप्ताहिक गिरावट आई है। पिछले हफ्ते ये 16% से ज्यादा गिरकर इसकी कीमत अब 97 डॉलर प्रति बैरल पर आ गई। अक्टूबर के अंत में तेल की कीमतें छह महीने के उच्चतम स्तर पर पहुंच गई थीं, जहां से अब इनमें राहत देखी जा रही है।
बाजार विश्लेषकों के अनुसार, अमेरिकी मिडटर्म चुनावों में डोनाल्ड ट्रम्प की पार्ट की हार के बाद यह उम्मीद जताई जा रही है कि मिडिल ईस्ट में सैन्य संघर्ष बहुत ज्यादा नहीं बढ़ेगा। कूटनीतिक समाधान की बढ़ती उम्मीदों ने कीमतों को नीचे लाने में मदद की है। फारस की खाड़ी और मिडिल ईस्ट के अन्य इलाकों में छिटपुट हमले अभी भी जारी हैं।
उधर, यमन के ईरान समर्थित हूती विद्रोहियों ने रियाद में सऊदी अरामको के दफ्तरों को निशाना बनाया। जवाब में ओपेक सदस्य सऊदी अरब की सेना ने दो मिसाइल लॉन्चर्स को तबाह कर दिया। भारत अपनी कुल जरूरत का लगभग 85% कच्चा तेल विदेशों से आयात करता है, इसलिए इसके दाम घटने या बढ़ने का असर देश की इकोनॉमी पर पड़ता है।
जब वैश्विक बाजार में क्रूड ऑयल महंगा होता है, तो भारत को इसे खरीदने के लिए ज्यादा डॉलर चुकाने पड़ते हैं। इससे देश का ‘आयात बिल’ और चालू खाता घाटा बढ़ जाता है। क्रूड अगर बहुत ज्यादा महंगा हो जाए और लंबे समय तक महंगा ही बना रहे तो तेल कंपनियां पेट्रोल और डीजल के दाम बढ़ा देती हैं। डीजल के दाम बढ़ते ही माल ढुलाई महंगी हो जाती है, जिससे बाजार में सब्जियां, फल, राशन और अन्य जरूरी सामान महंगे हो जाते हैं।

