बैंक ऑफ बड़ौदा का फायदा 36 पर्सेंट बढ़कर 6,532 करोड़ रुपये पर पहुंचा
मुंबई- सरकारी बैंक बैंक ऑफ बड़ौदा ने चालू वित्त वर्ष 2026-27 की दूसरी तिमाही में शानदार मुनाफा दर्ज किया है। जुलाई से सितंबर के दौरान बैंक का नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 36 फीसदी बढ़कर 6,532 करोड़ रुपये पहुंच गया। यह बैंक का अब तक का सबसे ज्यादा तिमाही मुनाफा है।
बैंक के मुनाफे में इस बड़ी बढ़ोतरी की एक अहम वजह ब्याज के अलावा दूसरे स्रोतों से हुई कमाई है। खासतौर पर नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के शेयरों की बिक्री से बैंक की कमाई को फायदा हुआ।
बैंक ऑफ बड़ौदा की नेट इंटरेस्ट इनकम (एनआईआई) जुलाई-सितंबर तिमाही में 9 फीसदी बढ़कर 13,026 करोड़ रुपये हो गई। ब्याज के अलावा दूसरे स्रोतों से होने वाली कमाई करीब 96 फीसदी बढ़कर 6,881 करोड़ रुपये पहुंच गई। बैंक की ट्रेजरी इनकम भी तेजी से बढ़ी। सितंबर तिमाही में यह 4,093 करोड़ रुपये रही, जबकि पिछले साल इसी तिमाही में 1,086 करोड़ रुपये थी।
सितंबर तिमाही के अंत में बैंक का ग्रॉस एनपीए घटकर 1.78 फीसदी रह गया। नेट एनपीए भी 0.13 फीसदी घटकर 0.37 फीसदी पर आ गया। बैंक के नए खराब कर्ज भी घटे हैं। सितंबर तिमाही में नए एनपीए 2,392 करोड़ रुपये रहे, जबकि जून तिमाही में यह आंकड़ा 3,183 करोड़ रुपये था। पिछले साल की सितंबर तिमाही में यह 2,669 करोड़ रुपये था।
सितंबर 2026 के अंत तक बैंक का कुल वैश्विक लोन कारोबार 18.3 फीसदी बढ़कर 15.12 लाख करोड़ रुपये पहुंच गया। कुल जमा रकम 16.4 फीसदी बढ़कर 17.45 लाख करोड़ रुपये हो गई। बैंक की घरेलू कासा जमा रकम भी 10.4 फीसदी बढ़कर 5.39 लाख करोड़ रुपये हो गई। कासा में सेविंग अकाउंट और करंट अकाउंट में जमा पैसा शामिल होता है।

