कोटक बैंक से जुड़े ही एमडी और सीईओ तक पहुंच गए अनूप साहा, यह है मामला
मुंबई- कोटक महिंद्रा बैंक ने अनूप कुमार साहा को मैनेजिंग डायरेक्टर और CEO नियुक्त किया। उनका कार्यकाल 3 साल का होगा। साहा 1 जनवरी 2027 से यह पद संभालेंगे। वह अभी बैंक में एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर के पद पर हैं। साहा के पास 32 साल से ज्यादा का अनुभव है। इसमें 25 साल का अनुभव बैंकिंग और नॉन-बैंकिंग फाइनेंशियल इंस्टीट्यूशंस में है।
अनूप कुमार साहा को कोटक महिंद्रा बैंक का नया MD & CEO बनाने की मंजूरी के बाद बैंक के शेयरों में 4% तक की तेजी है। ये ₹433 के करीब पहुंच गया है। ब्रोक्रेज फर्म्स ने साहा की नियुक्ति को बैंक के लिए सकारात्मक कदम बताया है। अनूप कुमार साहा जनवरी 2026 में कोटक महिंद्रा बैंक से जुड़े थे। मार्च 2026 से डायरेक्टर की भूमिका में वह बैंक के पूरे रिटेल बैंक, सरकारी कारोबार, डेटा एनालिटिक्स और मार्केटिंग का काम संभाल रहे थे।
मौजूदा MD और CEO अशोक वासवानी ने कहा कि अनूप फाइनेंशियल सेक्टर के एक अनुभवी लीडर हैं, जिन्हें अलग-अलग बिजनेस, ग्राहकों और कामकाज का गहरा अनुभव है। कोटक से जुड़ने के बाद से उन्होंने हमारी टीमों के साथ मिलकर काम किया है और आने वाले मौकों की अच्छी समझ दिखाई है।
भारतीय बैंकिंग सेक्टर में अब लीडरशिप चुनने का तरीका बदल चुका है। नियोस्ट्रेट एडवाइजर्स के फाउंडर अबीजर दीवानजी के अनुसार, बैंकों में CEO की नियुक्ति अब वफादारी के बजाय मजबूत बिजनेस प्लान और काम पूरा करने की क्षमता देखकर की जा रही है।
वर्तमान MD अशोक वासवानी ने साबित किया था कि बैंक फाउंडर उदय कोटक के बिना भी बेहतर चल सकता है। अब बोर्ड ने अनूप साहा को चुनकर यह साफ कर दिया है कि बैंक का मुख्य फोकस रिटेल बैंकिंग का विस्तार करने और फैसलों को तेजी से लागू करने पर है।

