एसबीआई एटीएम से कैश निकालने पर 3 दिन तक नहीं लगेगा कोई भी चार्ज
मुंबई- SBI ने 28 से 30 सितंबर तक अपने ATM से कैश निकालने पर चार्ज नहीं लेने का ऐलान किया है। इस दौरान बैंक कर्मचारियों की हड़ताल के कारण शाखाएं बंद रहेंगी। बैंक कर्मचारी 5-डे वर्किंग की मांग को लेकर प्रदर्शन करेंगे।
हड़ताल में देश की 7 बड़ी बैंक यूनियन्स शामिल होंगी, जिनसे लगभग 90% से ज्यादा बैंक कर्मचारी जुड़े हुए हैं। इनमें AIBEA, AIBOC, NCBE, AIBOA, BEFI, INBEF और INBOC शामिल हैं। यूनियन्स का कहना है कि जब तक सरकार हफ्ते में 5-डे वर्किंग लागू करने की कोई पक्की तारीख तय नहीं कर देती, तब तक उनका यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।
28 सितंबर से शुरू होने वाली 3 दिन की हड़ताल के कारण शाखाओं में कामकाज पूरी तरह बंद रहेगा। इस दौरान आम जनता को पैसे निकालने, चेक क्लीयरेंस और अन्य जरूरी कामों में परेशानी न हो, इसके लिए वित्त मंत्रालय ने रविवार, 27 सितंबर को सभी पब्लिक सेक्टर और क्षेत्रीय ग्रामीण बैंकों को खुले रहने का आदेश दिया है।
हफ्ते में 5 दिन काम के अलावा बोनस (PLI) के नियमों को लेकर भी विवाद चल रहा है। सरकार ने बड़े अधिकारियों जैसे स्केल-4 और उससे ऊपर के अफसरों के लिए बोनस का एक नया नियम लागू किया है। इसके तहत अच्छा काम करने वाले अफसरों को 365 दिन की बेसिक सैलरी के बराबर इंसेंटिव या बोनस मिल सकता है। बैंक यूनियनें इस बात का भी विरोध कर रही हैं।

