ओला और एथर के शेयरों का कमाल, 6 महीने में एक लाख को बनाया दो लाख
मुंबई- पिछले कुछ समय में कई शेयर बुरी तरह टूट गए हैं। वहीं कुछ ने निवेशकों को बंपर रिटर्न दिया है। इन्हीं में इलेक्ट्रिक स्कूटर बनाने वाली कंपनी ओला और एथर भी शामिल हैं। दोनों कंपनियों के शेयर में पिछले 6 महीने में जबरदस्त तेजी आई है।
गुरुवार को सेंसेक्स में 1200 अंकों से ज्यादा की गिरावट के बावजूद Ola Electric Mobility Ltd और Ather Energy Ltd के शेयर में तेजी आई। ओला का शेयर 1.48% की तेजी के साथ 42.53 रुपये पर बंद हुआ। एथर का शेयर 0.03% गिरकर 1499.40 रुपये पर बंद हुआ। दिन के कारोबार के दौरान ओला का शेयर अधिकतम 44.50 रुपये और एथर का शेयर 1,524.35 रुपये पर पहुंच गया था।
ओला और एथर, दोनों कंपनियों के शेयर ने पिछले 6 महीने में बंपर रिटर्न दिया है। मार्च 2026 में अपने रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंचने के बाद ओला इलेक्ट्रिक के शेयरों में तेज रिकवरी हुई है। पिछले 6 महीनों में शेयर करीब 85% चढ़ चुका है। हालांकि यह अपने 52 वीक के हाई 58.93 रुपये से नीचे है।
एथर के शेयर में पिछले 6 महीने में करीब 100 फीसदी की तेजी आई है। 6 महीने पहले इसकी कीमत करीब 756 रुपये थी। ऐसे में इन 6 महीनों में इसमें करीब 100 फीसदी का उछाल आया है। हालांकि यह शेयर भी अपने 52 वीक के हाई 1,741.90 रुपये से नीचे है। Ola Electric की जून तिमाही के नतीजों में 57 करोड़ रुपये की PLI से जुड़ी प्रोविजन रिवर्सल महत्वपूर्ण रही।
ग्लोबल ब्रोकरेज नोमुरा ने कुछ समय पहले एथर एनर्जी के लिए अपना टारगेट प्राइस बढ़ा दिया था, जबकि स्टॉक पर अपना बुलिश रुख बनाए रखा था। एथर एनर्जी टू-व्हीलर सेगमेंट में नोमुरा की टॉप पसंद बनी हुई है।
