जर्मन ग्रीन स्टील का आईपीओ 25 से, 132 से 139 रुपये तय किया गया है भाव
मुंबई- 2008 में बनी जर्मन ग्रीन स्टील एंड पावर लिमिटेड का आईपीओ 25 से 29 सितंबर तक खुलेगा। रिटेल निवेशकों के लिए 35 फीसदी हिस्सा रिजर्व रखा है। इसके अलावा क्वॉलिफाइड इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स (QIB) के लिए 50 परसेंट और नॉन इंस्टीट्यूशनल इन्वेस्टर्स के लिए 15 फीसदी हिस्सा रिजर्व रहेगा।
कंपनी ने 10 रुपये की फेस वैल्यू वाले अनलिस्टेड शेयरों के लिए 132-139 रुपये का इश्यू प्राइस फिक्स किया है। आईपीओ में निवेश करने के लिए कम से कम 107 शेयरों का 1 लॉट खरीदना होगा। इश्यू प्राइस के निचले स्तर से देखें तो एक लॉट के लिए 14,124 रुपये खर्च करने होंगे। इसके बाद 107 के ही मल्टीपल्स में और लॉट्स खरीदे जा सकते हैं। इश्यू प्राइस के ऊपरी स्तर पर एक लॉट की कीमत 14,873 रुपये है। ये शेयर एनएसई और बीएसई दोनों पर लिस्ट होंगे।
कंपनी ने प्री-आईपीओ राउंड में 270 रुपये की वैल्यू पर अनलिस्टेड शेयर बेचकर 49.62 करोड़ रुपये जुटाए थे। यह डील पिछले साल 25 सितंबर को हुई थी। इसलिए फ्रेश इश्यू का साइज घटाकर 290 करोड़ रुपये कर दिया गया है। इसके अलावा कंपनी के मौजूदा प्रमोटर्स अब्दुलहक शमसुलहक ईराकी और ईनामुलहक शमसुलहक ईराकी 10 लाख शेयर बेचेंगे। आपको बता दें कि यह इस परिवार की तीसरी पीढ़ी है, जो स्टील निर्माण के काम में लगी है।
आईपीओ से जुटाए गए पैसों में से 226.33 करोड़ रुपये गुजरात के कच्छ में हाइब्रिड एंड सोलर पावर प्लांट प्रोजेक्ट लगाने के लिए खर्च होंगे। इसके अलावा 7.70 करोड़ रुपये प्री-पेमेंट या री-पेमेंट में जाएंगे। बाकी बचा हुआ पैसा मिले-जुले खर्चों में जाएगा।
कंपनी अपनी 75.44 फीसदी ऊर्जा जरूरतें खुद के पावर प्लांट से पूरा करती है। कंपनी का लक्ष्य स्पॉन्ज आयरन का प्रोडक्शन 66,000 मीट्रिक टन प्रति वर्ष से बढ़ाकर 1,48,500 मीट्रिक टन और एमएस बिलेट्स का प्रोडक्शन 2,14,500 मीट्रिक टन से बढ़ाकर 4,12,500 मीट्रिक टन तक ले जाना है। इसके अलावा टीएमटी बार्स का उत्पादन 1,81,500 मीट्रिक टन से लेकर 3,46,500 मीट्रिक टन तक जाना है।
वित्त वर्ष 26 में कंपनी की परिचालन आय 1,678.98 करोड़ रुपये रही। वहीं, टैक्स के बाद मुनाफा 79.88 करोड़ रुपये रहा। वित्त वर्ष 24 में कंपनी की परिचालन आय 1,129.78 करोड़ रुपये थी, जबकि मुनाफा 41.66 करोड़ रुपये था।

