इस आईपीओ में हर शेयर पर मिल सकता है 75 रुपये का फायदा, यह रहा जीएमपी
मुंबई– बॉलीवुड फिल्म मेकर विपुल शाह और एक्ट्रेस शेफाली शाह की कंपनी सनशाइन पिक्चर्स लिमिटेड (Sunshine Pictures Ltd) के इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग (IPO) को 105 गुना से अधिक सब्सक्रिप्शन मिला है। वहीं, बाजार में भारी डिमांड के बीच ग्रे मार्केट प्रीमियम (GMP) में भी जोरदार तेजी देखी जा रही है।
बिडिंग समाप्त होने तक सनशाइन पिक्चर्स का आईपीओ कुल 105.81 गुना सब्सक्राइब हुआ। सभी कैटेगरियों के निवेशकों ने इसमें बढ़-चढ़कर पैसा लगाया। सबसे ज्यादा नॉन-इंस्टिट्यूशनल इन्वेस्टर्स (NII) के सेगमेंट 197.04 गुना सब्सक्रिप्शन हासिल हुआ, जबकि क्वालिफाइड इंस्टिट्यूशनल बायर्स (QIB) कोटा में 123.52 गुना बोलियां मिलीं। इसके अलावा, रिटेल इन्वेस्टर्स के सेगमेंट में 56.60 गुना सब्सक्रिप्शन मिला।
ग्रे मार्केट में सनशाइन पिक्चर्स के शेयर ₹75 के प्रीमियम पर ट्रेड कर रहे हैं। यह प्रीमियम आईपीओ के अपर प्राइस बैंड से 20% से अधिक है। अगर ग्रे मार्केट के संकेत सही साबित होते हैं, तो जिन निवेशकों को शेयर अलॉट होंगे, उन्हें लिस्टिंग के दिन ही 20% से ज्यादा का सीधा मुनाफा मिलने की पूरी संभावना है। इसके शेयर 25 अगस्त को सेंकेंड्री मार्केट में कदम रखेंगे।

