टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल का फायदा 80 प्रतिशत गिरकर 775 करोड़ रुपये पर आया
मुंबई- टाटा मोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स को बड़ा झटका लगा है। कंपनी का अप्रैल-जून तिमाही में मुनाफा 80% से ज्यादा घटकर 775 करोड़ रुपये रह गया है। पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही में 3,924 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ था। मुनाफे में यह गिरावट स्पेयर पार्ट्स की सप्लाई में आई रुकावटों, एक बड़े कंपोनेंट सप्लायर के यहां लगी आग, मिडिल ईस्ट में जारी संघर्ष और जगुआर मॉडल्स के बंद होने की वजह से हुई है।
कंपनी का ऑपरेशनल रेवेन्यू सालाना आधार पर 9% से ज्यादा बढ़कर ₹95,799 करोड़ हो गया है। पिछले साल की समान तिमाही में यह ₹87,677 करोड़ था। प्रति शेयर कमाई 2.10 रुपये रही है जो पहले 6.84 रुपये थी। टाटा ग्रुप की प्रीमियम कार कंपनी जगुआर लैंड रोवर (JLR) की होलसेल बिक्री में सालाना आधार पर 9% की गिरावट आई है। इस गिरावट की मुख्य वजहें सप्लायर के यहां आग लगना, मिडिल ईस्ट संघर्ष और जगुआर टाइप 01 की लॉन्चिंग से पहले पुराने जगुआर मॉडल्स का प्रॉडक्शन बंद होना रहीं।
JLR के सीईओ पीबी बालाजी ने कहा, “शुरुआती चुनौतियों के बावजूद हमारे ब्रांड्स की मजबूत मांग बनी हुई है। हम जल्द ही रेंज रोवर इलेक्ट्रिक, रेंज रोवर स्पोर्ट्स इलेक्ट्रिक, रेंज रोवर GT और जगुआर टाइप 01 लॉन्च करने जा रहे हैं।
टाटामोटर्स पैसेंजर व्हीकल्स के एमडी और सीईओ शैलेश चंद्रा ने बताया, “FY27 की पहली तिमाही की शुरुआत कंपनी के लिए काफी मजबूत रही है। हाल ही में लॉन्च हुए मॉडल्स को मिली सफलता से हमारी बिक्री 46% बढ़ी है। हालांकि सप्लाई की दिक्कतों से सिएरा का वॉल्यूम प्रभावित हुआ।

