वोडाफोन आईडिया 3,754 करोड़ का घाटा, लेकिन रेवेन्यू में 6 प्रतिशत की तेजी
मुंबई- देश की तीसरी सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी वोडाफोन आईडिया को चालू वित्त वर्ष की पहली तिमाही में 3,754 करोड़ रुपये का घाटा हुआ है। पिछले वित्त वर्ष की इसी तिमाही में कंपनी को ₹6,608 करोड़ का घाटा हुआ था।
कंपनी ने सोमवार को रिजल्ट जारी किया। इसने बताया कि हर ग्राहक से ज्यादा कमाई (ARPU) और 4G-5G सेवाओं से जुड़ने वाले यूजर्स की वजह से कंपनी के घाटे में यह कमी दर्ज की गई है।
वोडाफोन आईडिया का कॉन्सोलिडेटेड रेवेन्यू इस तिमाही में बढ़कर ₹11,660 करोड़ पर पहुंच गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह ₹11,000 करोड़ था। EBITDA पिछले साल के ₹4,600 करोड़ से 9.1% बढ़कर ₹5,034 करोड़ हो गया है।
वोडाफोन आईडिया लिमिटेड के CEO अभिजीत किशोर ने कहा कि वित्त वर्ष 2027 हमारे लिए एग्जीक्यूशन का साल है। पहली तिमाही का यह मजबूत प्रदर्शन हमारी रणनीति और अनुशासन का सबूत है। विलय के बाद यह पहला मौका है जब हमने ग्राहक जोड़े हैं, जो कि हमारे लिए एक बड़ी उपलब्धि है। हम इस बढ़त को आगे भी बनाए रखेंगे। हमारा 5G नेटवर्क अब देश के 200 से अधिक शहरों में लाइव हो चुका है।
कंपनी पर भारी कर्ज का बोझ है, लेकिन कर्जदाताओं के साथ चल रही बातचीत सकारात्मक दिशा में है। कंपनी को उम्मीद है कि कर्ज से जुड़ी बातचीत का जल्द ही सफल समाधान निकाल लिया जाएगा। कंपनी के सभी बिजनेस पैरामीटर्स सही दिशा में बढ़ रहे हैं।

