अजंता फार्मा का फायदा 31 प्रतिशत बढ़ा, निवेशकों को 32 रुपये का डिविडेंड मिलेगा
मुंबई- अमेरिका के जेनेरिक बिजनेस में शानदार प्रदर्शन और भारत समेत दूसरे बड़े बाजारों में अच्छी बिक्री की बदौलत अजंता फार्मा का जून तिमाही में मुनाफा और रेवेन्यू, दोनों में अच्छी बढ़त देखने को मिली। इसके साथ ही कंपनी ने निवेशकों को ₹32 प्रति शेयर का अंतरिम डिविडेंड देने का भी ऐलान किया है।
जून तिमाही में कंपनी का नेट प्रॉफिट 30.9% बढ़कर ₹334.2 करोड़ पर पहुंच गया। पिछले साल इसी तिमाही में यह ₹255.3 करोड़ था। वहीं, रेवेन्यू 24.8% बढ़कर ₹1,626 करोड़ रहा, जो एक साल पहले ₹1,302.7 करोड़ था। EBITDA 20.6% बढ़कर ₹423.6 करोड़ हो गया। हालांकि, रिसर्च और नए प्रोडक्ट्स पर ज्यादा खर्च की वजह से EBITDA मार्जिन मामूली घटकर 26.1% रह गया। पिछले साल यह 27% था।
अजंता फार्मा का US Generics बिजनेस से मिलने वाला रेवेन्यू 57% बढ़कर ₹487 करोड़ हो गया। वहीं, अफ्रीका इंस्टीट्यूशनल कारोबार में 83% और अफ्रीका ब्रांडेड कारोबार में 30% की बढ़त दर्ज की गई। भारत अजंता फार्मा का सबसे बड़ा बाजार है। यहां भी कारोबार मजबूत रहा। यहां ब्रांडेड जेनेरिक बिजनेस का रेवेन्यू 24% बढ़कर ₹509 करोड़ पहुंच गया। हालांकि, एशिया ब्रांडेड जेनेरिक कारोबार थोड़ा कमजोर रहा। इस सेगमेंट का रेवेन्यू 16% घटकर ₹255 करोड़ रह गया।
तिमाही के दौरान कंपनी को 3 ANDA की मंजूरी मिली और उसने अमेरिकी बाजार में 2 नए प्रोडक्ट लॉन्च किए। अब उसके पास कुल 51 कमर्शियल ANDA हैं। इसके अलावा 17 ANDA अभी अमेरिकी FDA की मंजूरी का इंतजार कर रहे हैं, जबकि 5 आवेदनों को अस्थायी मंजूरी मिल चुकी है। कंपनी ने रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर ₹66 करोड़ खर्च किए, जो उसके कुल रेवेन्यू का करीब 4% है।
कंपनी के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026-27 के लिए ₹2 फेस वैल्यू वाले हर शेयर पर ₹32 का पहला अंतरिम डिविडेंड मंजूर किया है। इसके लिए 5 अगस्त रिकॉर्ड डेट तय की गई है। डिविडेंड का पैसा 18 अगस्त या उसके बाद निवेशकों के खाते में भेजा जाएगा। डिविडेंड पर कंपनी करीब ₹400 करोड़ खर्च करेगी। अजंता फार्मा का शेयर गुरुवार को 1.34% बढ़कर 3,442 रुपये पर बंद हुआ। पिछले 6 महीने में शेयर 23.73% बढ़ा है। कंपनी का मार्केट कैप 42.81 हजार करोड़ रुपये है।

