अब ग्रॉसरी की तरह हाथोंहाथ मिलेगा रसोई सिलेंडर, 20-25 मिनट में मिलेगी सेवा

मुंबई- अब ग्रॉसरी की तरह आप रसोई गैस का सिलेंडर मंगा सकेंगे। आपको 20-25 मिनट में सिलेंडर मिल जाएगा।स्विगी के क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म इंस्टामार्ट ने LPG सिलेंडर की डिलीवरी शुरू करने के लिए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड के साथ पार्टनरशिप का ऐलान किया है। इसके तहत अब ग्राहक सीधे इंस्टामार्ट ऐप के जरिए ऑन-डिमांड LPG गैस सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे।

गैस सिलेंडर की क्विक डिलीवरी के लिए क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म के साथ हुई यह देश की पहली पार्टनरशिप है। शुरुआती फेज में इस सर्विस को कर्नाटक के बेंगलुरु में रोलआउट किया जाएगा। इस पार्टनरशिप के जरिए ग्राहक इंस्टामार्ट ऐप पर HPCL के दो तरह के सिलेंडर ऑर्डर कर सकेंगे। इसमें हाल ही में लॉन्च किया गया कंपनी का ‘HP नव्या’ 10 किलोग्राम का कंपोजिट LPG सिलेंडर शामिल है।

इसके अलावा ग्राहक ऐप के जरिए HPCL का ट्रेडिशनल 5 किलोग्राम वाला लोहे का LPG सिलेंडर भी बुक कर सकेंगे। ग्राहकों को इंस्टामार्ट के जरिए इन गैस सिलेंडरों को खरीदने के लिए पहले से किसी भी प्रकार के घरेलू LPG गैस कनेक्शन की जरूरत नहीं होगी।

यदि कोई ग्राहक पहली बार ऐप से सिलेंडर बुक करता है, तो इसे नए सिलेंडर की खरीद माना जाएगा। पहली बार खरीदने पर ग्राहक का आइडेंटिटी वेरिफिकेशन किया जाएगा और डिलीवरी प्रूफ से जुड़े जरूरी दस्तावेज लिए जाएंगे। पहली बार के बाद जब भी ग्राहक दोबारा सिलेंडर बुक करेंगे, तो डिलीवरी के समय उन्हें अपना पुराना खाली HPCL सिलेंडर डिलीवर करने वाले कर्मचारी को सौंपना होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *