जून में इक्विटी फंड्स में 26% बढ़ा निवेश, एसआईपी से आए 31,781 करोड़ रुपये
मुंबई- एसोसिएशन ऑफ म्युचुअल फंड्स इन इंडिया (AMFI) के शुक्रवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, जून में इक्विटी म्युचुअल फंड्स में 28,973 करोड़ रुपये का का निवेश आया है। यह मई के 22,908 करोड़ रुपये की तुलना में करीब 26 फीसदी ज्यादा है। वहीं, पिछले महीनेसिस्टमैटिक इन्वेस्टमेंट प्लान (SIP) के जरिए विेश बढ़कर 31,781 करोड़ रुपये हो गया।
हालांकि, डेट म्युचुअल फंड से बड़ी निकासी के चलते पूरे म्युचुअल फंड इंडस्ट्री में 52,949 करोड़ रुपये का नेट आउटफ्लो दर्ज किया गया। मई में यह आंकड़ा 64,131 करोड़ रुपये था। इसकी मुख्य वजह डेट ओरिएंटेड योजनाओं से 1.09 लाख करोड़ रुपये की निकासी रही। इसके बावजूद, इंडस्ट्री की एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) बढ़कर जून के अंत में 82.22 लाख करोड़ रुपये हो गई, जो मई के अंत में 81.6 लाख करोड़ रुपये थी।
AMFI के अनुसार, जून में इक्विटी स्कीम्स में 28,973 करोड़ रुपये का नेट इनफ्लो हुआ, जबकि मई में यह 22,908 करोड़ रुपये था। अप्रैल में 38,440 करोड़ रुपये, मार्च में 40,450 करोड़ रुपये, फरवरी में 25,978 करोड़ रुपये और जनवरी में 24,028 करोड़ रुपये का निवेश आया था।
इक्विटी कैटेगरी में मिडकैप फंड निवेशकों की पहली पसंद रहे। इनमें जून के दौरान 6,090 करोड़ रुपये का सबसे ज्यादा निवेश आया। स्मॉलकैप फंड में 5,602 करोड़ रुपये और फ्लेक्सी कैप फंड में 5,231 करोड़ रुपये का निवेश दर्ज किया गया। लार्जकैप फंड में 2,067 करोड़ रुपये का शुद्ध निवेश आया। डिविडेंड यील्ड फंड और इक्विटी लिंक्ड सेविंग्स स्कीम (ELSS) से जून के दौरान नेट आउटफ्लो दर्ज की गई।
जून 2026 में डेट म्युचुअल फंड स्कीम्स से 1,09,053 करोड़ रुपये का बड़ा नेट आउटफ्लो दर्ज किया गया। इसकी मुख्य वजह अल्ट्रा शॉर्ट टर्म फंड जैसी कैटेगरी से भारी निकासी रही, क्योंकि तिमाही के अंत में संस्थागत निवेशकों को अपनी नियमित और अनुमानित नकदी जरूरतों को पूरा करना था। ETF में निवेश में भी अच्छी बढ़ोतरी दर्ज की गई। वहीं, गोल्ड ETF में फिर से खरीदारी देखने को मिली, क्योंकि निवेशकों ने सोने की कीमतों में हालिया गिरावट को निवेश के अवसर के रूप में देखा।

