क्रेड एप के फाउंडर कुणाल वॉट्सएप के नए ग्लोबल हेड, कैथकार्ट संभालेंगे AI
मुंबई– फेसबुक और इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी मेटा ने क्रेड (CRED) एप के फाउंडर कुणाल शाह को वॉट्सएप का नया ग्लोबल हेड बनाया है। वे विल कैथकार्ट की जगह लेंगे। कैथकार्ट अब मेटा में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े नए प्रोजेक्ट्स पर काम करेंगे।
मेटा CEO मार्क जुकरबर्ग ने कहा, कंपनी ने यह फैसला उस डील के तहत लिया है, जिसमें मेटा UPI और बिल पेमेंट एप क्रेड में करीब 8,550 करोड़ रुपए निवेश करेगी। इसके बदले मेटा को क्रेड में 20% की हिस्सेदारी मिलेगी। इसके बाद क्रेड कंपनी की कुल वैल्यूएशन बढ़कर ₹43,239 करोड़ हो जाएगी।
मेटा के मुताबिक, कुणाल शाह के बॉस बनने के बाद वॉट्सएप का पूरा ध्यान दो बड़ी चीजों पर होगा। कंपनी अब वॉट्सएप के जरिए ज्यादा पैसे कमाने की तैयारी में है। इसके लिए एप में विज्ञापन दिखाए जा सकते हैं और कुछ खास फीचर्स के लिए मंथली फीस यानी सब्सक्रिप्शन भी लाया जा सकता है।
वॉट्सएप के अंदर अलग-अलग तरह के ‘AI एजेंट्स’ (यानी कंप्यूटर प्रोग्राम या चैटबॉट्स) जोड़े जाएंगे। ये AI टूल्स आपके कई काम आसान करने और चैटिंग को बेहतर बनाने में मदद करेंगे। वॉट्सएप के ग्लोबल हेड की कमान संभालने के लिए कुणाल शाह क्रेड CEO के अपने मौजूदा ऑपरेटिंग पद से इस्तीफा देंगे। इसके बाद वह मेटा का हिस्सा बनेंगे। क्रेड ने फिलहाल मितेन संपत को कंपनी का अंतरिम CEO बनाया है।
मितेन संपत साल 2020 से क्रेड में स्ट्रेटजी और फाइनेंस विभाग की कमान संभाल रहे थे। क्रेड के बोर्ड और मैनेजमेंट ने बताया कि वे कंपनी के लिए एक लॉन्ग-टर्म मैनेजमेंट स्ट्रक्चर तैयार करने पर काम कर रहे हैं, क्योंकि कंपनी आने वाले समय में अपना इनिशियल पब्लिक ऑफरिंग यानी IPO लाने की योजना बना रही है।

