इस डेटा सेंटर कंपनी का शेयर एक दिन में एक लाख को बनाया 1.15 लाख रुपये

मुंबई- महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की एक घोषणा ने शुक्रवार को नेटवेब टेक्नोलॉजीज के शेयरों में जोरदार तेजी ला दी। मुंबई में छह आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सेंटर ऑफ एक्सीलेंस बनाने और AI कंप्यूटिंग की बढ़ती जरूरतों को पूरा करने के लिए 2,000 GPU उपलब्ध कराने की योजना के बाद कंपनी के शेयर 15% तक उछल गए।

बाजार का मानना है कि AI इंफ्रास्ट्रक्चर और हाई-परफॉर्मेंस कंप्यूटिंग से जुड़ी कंपनियों को इस पहल का सीधा फायदा मिल सकता है और नेटवेब उन कंपनियों में प्रमुख नामों में से एक है। निवेशकों ने AI और सुपरकंप्यूटिंग सेक्टर से जुड़ी कंपनियों में खरीदारी शुरू कर दी। नेटवेब टेक्नोलॉजीज को इस थीम का बड़ा लाभार्थी माना जा रहा है।

शेयर में तेजी की एक और बड़ी वजह हाल ही में मिला क्रेडिट रेटिंग अपग्रेड है। CRISIL रेटिंग्स ने नेटवेब टेक्नोलॉजीज की लॉन्ग-टर्म रेटिंग को ‘CRISIL A / Stable’ से बढ़ाकर ‘CRISIL A+ / Stable’ कर दिया है। वहीं कंपनी की शॉर्ट-टर्म रेटिंग को बरकरार रखा गया है।

CRISIL के मुताबिक मार्च 2026 तक कंपनी के पास 2,098 करोड़ रुपये की ऑर्डर बुक थी। इसके अलावा 328 करोड़ रुपये के L1 ऑर्डर भी मौजूद हैं। इससे कंपनी को आने वाले समय में रेवेन्यू को लेकर अच्छी विजिबिलिटी मिलती है।

नेटवेब टेक्नोलॉजीज हाई-एंड कंप्यूटिंग सिस्टम डिजाइन और मैन्युफैक्चर करती है। कंपनी सुपरकंप्यूटर, प्राइवेट क्लाउड इंफ्रास्ट्रक्चर, AI सिस्टम और एंटरप्राइज कंप्यूटिंग सॉल्यूशंस उपलब्ध कराती है। कंपनी के टेक्नोलॉजी पार्टनर्स में Nvidia, Samsung, AMD और Intel जैसी दुनिया की बड़ी टेक कंपनियां शामिल हैं। CRISIL के अनुसार, इन साझेदारियों की वजह से नेटवेब को नई तकनीकों और आने वाले प्रोडक्ट्स की जानकारी काफी पहले मिल जाती है।

शुक्रवार को नेटवेब टेक्नोलॉजीज का शेयर 13.68% की तेजी के साथ 4,629 रुपये पर बंद हुआ। कंपनी का शेयर इस साल अब तक करीब 50% चढ़ चुका है। वहीं पिछले 12 महीनों में निवेशकों को लगभग 130% का रिटर्न मिला है। वहीं, बीते 5 साल में इसने 415.22% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *