ह्यूंडई की कारें 13,000 रुपये तक होंगी महंगी, एक जून से चुकाना होगा दाम
मुंबई- हुंडई मोटर इंडिया की कारें 1 जून 12,800 रुपये महंगी हो जाएंगी। नई कीमतें अलग-अलग मॉडल और वेरिएंट के आधार पर तय की जाएंगी। कंपनी ने यह कदम बाजार की मौजूदा परिस्थितियों और ग्राहकों के हितों के बीच एक संतुलित तालमेल बनाने के उद्देश्य से उठाया है।
हुंडई ने अपनी कारों की कीमतों को बढ़ाने के पीछे मुख्य रूप से तीन बड़े कारण बताए हैं। ऑटोमोबाइल मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी इनपुट कॉस्ट (लागत) में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। कारों को बनाने में इस्तेमाल होने वाले जरूरी कमोडिटी सामानों की कीमतें काफी ज्यादा हो गई हैं। कंपनी को चलाने और कारों के प्रोडक्शन से जुड़े ऑपरेशनल खर्चों में बढ़ोतरी हुई है। इन सभी कारणों से कंपनी पर वित्तीय दबाव बढ़ा है।
कंपनी ने कहा कि वह लगातार अपनी लागत को कंट्रोल और बेहतर करने का प्रयास करती है। हुंडई का उद्देश्य हमेशा यही रहता है कि बढ़ती लागत का असर उसके ग्राहकों पर कम से कम पड़े। इसके बावजूद, मौजूदा परिस्थितियों में कंपनी के पास बढ़ती हुई लागत का कुछ हिस्सा बाजार में ट्रांसफर करने के अलावा कोई दूसरा ऑप्शन नहीं बचा था।

