इस कंपनी का फायदा 59 फीसदी घटा, फिर भी दे रही डिविडेंड, शेयर में उछाल
मुंबई- रेल विकास निगम लिमिटेड (RVNL) का जनवरी-मार्च तिमाही में कंसोलिडेटेड नेट प्रॉफिट सालाना आधार पर 58.9% घटकर 187.1 करोड़ रुपये रह गया। पिछले साल इसी तिमाही में कंपनी ने 455.4 करोड़ रुपये का शुद्ध मुनाफा कमाया था।
हालांकि मुनाफे में बड़ी गिरावट के बावजूद कंपनी की कमाई में बढ़ोतरी हुई है। इससे साफ है कि कारोबार बढ़ा है, लेकिन मुनाफे पर दबाव बना हुआ है। मार्च तिमाही में कंपनी का रेवेन्यू 4.2% बढ़कर 6,696 करोड़ रुपये पहुंच गया। एक साल पहले इसी अवधि में यह 6,427.1 करोड़ रुपये था।
RVNL के निदेशक मंडल ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 10 रुपये फेस वैल्यू वाले प्रत्येक इक्विटी शेयर पर 0.71 रुपये के अंतिम डिविडेंड की सिफारिश की है। हालांकि डिविडेंड का भुगतान शेयरधारकों की मंजूरी के बाद ही किया जाएगा। इसके लिए प्रस्ताव को आगामी वार्षिक आम बैठक (AGM) में रखा जाएगा।
RVNL ने कहा, मध्य एशिया के किर्गिस्तान में उसकी संयुक्त उद्यम कंपनी Kyrgyzindustry-RVNL CJSC को बंद किया जा रहा है। यह संयुक्त उद्यम किर्गिस्तान में परियोजनाओं और कारोबार से जुड़े कामों के लिए बनाया गया था। एक साल में इसने करीब 33.82% का नेगेटिव रिटर्न दिया है। हालांकि, 5 साल में इसने 843.60% का मल्टीबैगर रिटर्न दिया है।

