आईसीआईसीआई बैंक के सीईओ से चार गुना ज्यादा सैलरी अनूप बागची को
मुंबई- प्राइवेट सेक्टर के सबसे बडे लेंडर एचडीएफसी बैंक ने अपने नवनियुक्त एमडी और सीईओ 56 साल के अनूप बागची के लिए 35.90 करोड़ रुपये तक के सालाना सैलरी पैकेज का प्रस्ताव दिया है। इससे वह भारत के सबसे ज्यादा सैलरी वाले बैंक CEO बन सकते हैं। बागची 27 अक्टूबर को तीन साल के लिए CEO का पद संभालेंगे। बागची की सैलरी आईसीआईसीआई बैंक के सीईओ से करीब चार गुना ज्यादा है।
HDFC बैंक के FY26 के स्टैच्युटरी सालाना रिटर्न के मुताबिक जगदीशन को कुल 28.65 करोड़ रुपये का कंपनसेशन मिला। इसमें 14.71 करोड़ रुपये की ग्रॉस सैलरी, 13.53 करोड़ रुपये के स्टॉक-ऑप्शन बेनिफिट और 41 लाख रुपये के दूसरे बेनिफिट शामिल हैं।
बैंक ने साथ ही बागची को स्टॉक-लिंक्ड इंसेंटिव में 7.35 करोड़ रुपये के वन टाइम जॉइनिंग बोनस को भी मंजूरी दी है, जिससे बागची का कुल सैलरी पैकेज 43.24 करोड़ हो सकता है। हालांकि यह परफॉर्मेंस की शर्तों और वेस्टिंग शेड्यूल पर निर्भर करेगा। HDFC बैंक ने बागची की नियुक्ति और सैलरी के लिए शेयरहोल्डर की मंजूरी मांगी है।
बैंक के पोस्टल बैलेट नोटिस के मुताबिक बागची के सालाना पैकेज में 8.97 करोड़ रुपये की फिक्स्ड सैलरी और 26.92 करोड़ रुपये तक का परफॉर्मेंस-लिंक्ड वेरिएबल कंपनसेशन शामिल है। फिक्स्ड कंपोनेंट में 3.32 करोड़ रुपये की बेसिक सैलरी, 1.66 करोड़ रुपये के हाउसिंग बेनिफिट्स, 54 लाख रुपये का कार अलाउंस और दूसरे अलाउंस, रिटायरमेंट बेनिफिट्स और सुविधाएं शामिल हैं।
वेरिएबल कंपनसेशन में से 8.88 करोड़ रुपये कैश में दिए जाएंगे जबकि 18.04 करोड़ रुपये एम्प्लॉई स्टॉक ऑप्शंस (ESOPs) के जरिए दिए जाएंगे। बागची को एक बार का जॉइनिंग बोनस भी मिलेगा। इसमें 3.19 करोड़ रुपये के रिस्ट्रिक्टेड स्टॉक यूनिट और 4.16 करोड़ रुपये के ESOP शामिल हैं। दोनों चार साल में मिलेंगे। बागची का प्रस्तावित सालाना कंपनसेशन ICICI प्रूडेंशियल लाइफ इंश्योरेंस में उनके FY26 पैकेज से लगभग दोगुना होने का अनुमान है।
बैंक के डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर कैजाद भरूचा को 26.32 करोड़ रुपये मिले, जिसमें 16.69 करोड़ रुपये की ग्रॉस सैलरी, 9.17 करोड़ रुपये के स्टॉक-ऑप्शन बेनिफिट्स और 45 लाख रुपये के दूसरे बेनिफिट्स शामिल हैं। दूसरे प्राइवेट बैंक के प्रमुखों में कोटक महिंद्रा बैंक के अशोक वासवानी को वित्त वर्ष 2026 में 17.24 करोड़ रुपये मिले जबकि ICICI बैंक के संदीप बख्शी को लगभग 10.64 करोड़ रुपये मिले।

