पीएनबी, इंडियन बैंक और बैंक ऑफ बड़ौदा सहित कई बैंकों के कर्ज हुए महंगे
मुंबई- आरबीआई के रेपो रेट बढ़ाने के बाद कई बैंकों ने कर्ज को महंगा कर दिया है। पंजाब नेशनल बैंक, इंडियन बैंक, यूको बैंक, बैंक ऑफ बड़ौदा, बैंक ऑफ इंडिया, इंडियन ओवरसीज बैंक और तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक ने सभी तरह का कर्ज महंगा कर दिया है।
आरबीआई ने 7 अक्तूबर को रेपो रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाया था। इसके बाद यह माना जा रहा था कि सरकारी बैंक, प्राइवेट बैंक सहित दूसरे बैंक अपने लोन का इंटरेस्ट बढ़ाएंगे। आरबीआई ने रेपो रेट 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया है। पंजाब नेशनल बैंक (PNB) ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट (RLLR) 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाकर 8.10 फीसदी कर दिया है। यह 8 अक्टूबर से लागू हो गया है। इसमें 0.35 फीसदी का बैंक स्ट्रेटेजिक प्रीमियम शामिल है।
इंडियन बैंक ने रेपो लिंक्ड बेंचमार्क लेंडिंग रेट (RBLR) को 7.95 फीसदी से बढ़ाकर 8.20 फीसदी कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने अपना आरबीएलआर 7.90 फीसदी से बढ़ाकर 8.15 फीसदी कर दिया है। बैंक ऑफ इंडिया ने अपना रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट 8.10 फीसदी से बढ़ाकर 8.35 फीसदी कर दिया है।
इंडियन ओवरसीज बैंक (IoB) ने भी रेपो बेस्ड लेंडिंग रेट 25 बेसिस प्वाइंट्स बढ़ाकर 8.35 फीसदी कर दिया है। तमिलनाडु मर्केंटाइल बैंक ने रेपो लिंक्ड लेंडिंग रेट 8.25 फीसदी से बढ़ाकर 8.50 फीसदी कर दिया है। यूको बैंक ने रेपो लिंक्ड यूको फ्लोट रेट 8.05 फीसदी से बढ़ाकर 8.30 फीसदी कर दिया है। उसने यूको प्राइम को 5.25 फीसदी से बढ़ाकर 5.50 फीसदी कर दिया है।

