सेंसेक्स से बाहर होगी टाटा ग्रुप की यह दिग्गज कंपनी, यह है इसका कारण

मुंबई- जूडियो, वेस्टसाइड और जारा जैसे ब्रांड्स मैनेज करने वाली टाटा ग्रुप की रिटेल कंपनी ट्रेंट की बीएसई सेंसेक्स से छुट्टी हो सकती है। बीएसई शुक्रवार को अपने छमाही रिव्यू की घोषणा करेगा। माना जा रहा है कि 30 शेयरों वाले बेंचमार्क से ट्रेंट बाहर हो सकती है। उसकी जगह हिंडाल्को इंडस्ट्रीज या श्रीराम फाइनेंस को शामिल किया जा सकता है।

नुवामा का कहना है कि हिंडाल्को इंडस्ट्रीज  या श्रीराम फाइनेंस में से कोई एक बीएसई में ट्रेंट की जगह मिल सकती है। फ्री-फ्लोट मार्केट कैप के मामले में अभी श्रीराम फाइनेंस आगे है लेकिन हिंडाल्को का ज्यादा चांस है।

हाल में ट्रेंट का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा है। अभी यह 0.63% तेजी के साथ 4124.30 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 6,259 रुपये है। पिछले साल 30 जून को यह इस स्तर पर पहुंचा था।

नुवामा ऑल्टरनेटिव एंड क्वांटिटेटिव रिसर्च के मुताबिक जून समीक्षा में ट्रेंट को बीएसई से बाहर किया जा सकता है क्योंकि इंडेक्स के दूसरे शेयरों की तुलना में इसके फ्री-फ्लोट मार्केट कैप में गिरावट आई है। ब्रोकरेज ने सेंसेक्स के रिव्यू के तरीके और हालिया मार्केट कैप डेटा के आधार पर यह बात कही है। यह व्यवस्था 19 जून के इंडेक्स एडजस्टमेंट से प्रभावी होगी।

सेंसेक्स का रिव्यू 30 अप्रैल, 2026 के मार्केट कैप डेटा पर आधारित है। ट्रेंट का मार्केट कैप 1,46,638.58 करोड़ रुपये रह गया है। दूसरी तरफ श्रीराम फाइनेंस का मार्केट कैप 2,15,331.05 करोड़ रुपये और हिंडाल्को इंडस्ट्रीज का 2,45,790.40 करोड़ रुपये है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *