गोल्ड अगले 1.63 लाख रुपये के पार होगा, गोल्डमैन सैक्स की रिपोर्ट मे यह दावा
मुंबई-इस साल के अंत तक सोने का भाव 1.63 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम (5,400 डॉलर प्रति औंस) तक पहुंच जाएगा। गोल्डमैन सैक्स ने कहा, दुनिया के केंद्रीय बैंकों की गोल्ड की खरीदारी और अमेरिका में इंटरेस्ट रेट घटने की उम्मीद से गोल्ड में तेजी आएगी। हालांकि, गोल्डमैन सैक्स ने शॉर्ट टर्म में गोल्ड में नरमी का अनुमान जताया है।
गोल्डमैन सैक्स ने कहा है कि शॉर्ट टर्म में जियोपॉलिटिकल टेंशन, शेयर और बॉन्ड्स बाजार में गिरावट का असर गोल्ड की कीमतों पर पड़ सकता है। दुनिया के 23 केंद्रीय बैंकों के बीच हुए एक सर्वे के नतीजों के मुताबिक, 70 फीसदी केंद्रीय बैंक मानते हैं अगले 12 महीनों में दुनिया में गोल्ड के रिजर्व में इजाफा हो सकता है। सिर्फ 25 फीसदी का मानना था कि गोल्ड रिजर्व में कोई बदलाव नहीं होगा।
अमेरिकी केंद्रीय बैंक यानी फेडरल रिजर्व इंटरेस्ट रेट में 0.50 फीसदी की कमी कर सकता है। इससे गोल्ड की कीमतों को सपोर्ट मिलेगा। इंटरेस्ट रेट में कमी के माहौल में गोल्ड की डिमांड बढ़ जाती है। इसका असर इसकी कीमतों पर दिखता है।
30 अप्रैल को देश और विदेश में गोल्ड में तेजी दिखी। कमोडिटी एक्सचेंज एमसीएक्स में शाम के कारोबार में गोल्ड फ्यूचर्स 1.69 फीसदी यानी 2,516 रुपये चढ़कर 1,51,566 रुपये प्रति 10 ग्राम चल रहा था। विदेश में गोल्ड 1.80 फीसदी चढ़कर 4,627 डॉलर प्रति औंस चल रहा था। सिल्वर में तो 3.22 फीसदी का उछाल दिखा।
वर्ल्ड गोल्ड काउंसिल (WGC) ने 29 अप्रैल को कहा कि मार्च तिमाही में इंडिया में गोल्ड ज्वेलरी की खरीदारी के मुकाबले गोल्ड में निवेश में लोगों की दिलचस्पी ज्यादा रही। ऐसा पहली बार हुआ। डब्ल्यूजीसी के इंडिया ऑपरेशंस के सीईओ सचिन जैन ने कहा, “पहली बार इनवेस्टमेंट डिमांड ज्वेलरी डिमांड से ज्यादा रही।”

