मुंबई एयरपोर्ट पर स्पाइसजेट की कई फ्लाइट्स रद्द होने से यात्री परेशान, हंगामा हुआ
मुंबई- मुंबई एयरपोर्ट पर गुरुवार को स्पाइसजेट (SpiceJet) की कई फ्लाइट्स लेट और कैंसिल होने से यात्री परेशान रहे। कुछ उड़ानें घंटों देरी से उंड़ी तो कुछ आखिरी वक्त पर कैसिंल हो गईं।
SpiceJet की SG 631 फ्लाइट करीब 4 घंटे लेट होने के बाद रद्द कर दी गई। दिल्ली, बंगलुरु और अहमदाबाद की उड़ानें भी प्रभावित हुई हैं। सबसे अधिक परेशानी मुंबई से बेंगलुरु जाने वाली स्पाइसजेट की रेड-आई उड़ान को हुई। यह निर्धारित समय से नौ घंटे की देरी से रवाना हुई। मुंबई से दिल्ली और बेंगलुरु जाने वाली रात की अन्य उड़ानें पहले काफी देरी के बाद अंततः रद्द कर दी गईं। मुंबई-अहमदाबाद की दो उड़ानें भी वाराणसी और बागडोगरा में खराब मौसम के कारण देरी से रवाना हुईं।
नाराज यात्रियों ने एयरपोर्ट पर नारेबाजी कर हंगामा किया। इसके बाद CISF ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। कई यात्रियों को एयरपोर्ट पर ही रात बितानी पड़ी। 29 अप्रैल को 3 उड़ानें रद्द हुई हैं। इनमें SG 631(मुंबई-दिल्ली), SG 553 (मुंबई-गोरखपुर) और SG 669 (मुंबई-बेंगलुरु)शामिल हैं।

