आदित्य बिरला सनलाइफ म्यूचुअल फंड का फायदा 18 फीसदी गिरा, राजस्व बढ़ा
मुंबई- आदित्य बिड़ला सन लाइफ एसेट मैनेजमेंट कंपनी (AMC) का जनवरी-मार्च 2026 तिमाही के दौरान शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा सालाना आधार पर 18 प्रतिशत गिर कर 187.11 करोड़ रुपये रहा, जबकि एक साल पहले मुनाफा 228 करोड़ रुपये का था।
ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू एक साल पहले से लगभग 7 प्रतिशत बढ़कर 458.23 करोड़ रुपये हो गया। मार्च 2025 तिमाही में यह 428.84 करोड़ रुपये था। मार्च 2026 तिमाही में उसके खर्च 205.97 करोड़ रुपये रहे, जबकि एक साल पहले खर्च 195.76 करोड़ रुपये के थे। पूरे वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC का ऑपरेशंस से कंसोलिडेटेड रेवेन्यू 1,845 करोड़ रुपये दर्ज किया गया। शुद्ध कंसोलिडेटेड मुनाफा 975 करोड़ रुपये रहा, जबकि वित्त वर्ष 2025 में यह 930.60 करोड़ रुपये था।
आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC के बोर्ड ने वित्त वर्ष 2026 के लिए 25.50 रुपये प्रति शेयर के फाइनल डिविडेंड की सिफारिश भी की है। इस पर कंपनी की सालाना आम बैठक में शेयरहोल्डर्स की मंजूरी ली जाएगी। अगर मंजूरी मिल जाती है तो डिविडेंड का पेमेंट सालाना आम बैठक खत्म होने के बाद 30 दिनों के अंदर कर दिया जाएगा। रिकॉर्ड डेट अभी घोषित नहीं की गई है।
23 अप्रैल को आदित्य बिड़ला सन लाइफ AMC के शेयरों में तेजी है। BSE पर शेयर 3 प्रतिशत की बढ़त के साथ 1048.65 रुपये पर बंद हुआ है। कंपनी में मार्च 2026 के आखिर तक प्रमोटर्स के पास 74.82 प्रतिशत हिस्सेदारी थी। शेयर 3 महीनों में 34 प्रतिशत और एक महीने में 18 प्रतिशत की तेजी देख चुका है। 3 साल में कीमत 200 प्रतिशत उछली है।

