Nifty मार्च तक 31000 पर पहुंच सकता है, बैंकिंग-पावर सेक्टर में निवेश का मौका

मुंबई- निफ्टी अगले साल मार्च तक 28,000-31,000 तक जा सकता है। ओमनीसाइंस कैपिटल के मुताबिक, अच्छी अर्निंग्स ग्रोथ और वैल्यूएशन की री-रेटिंग से निफ्टी अगले साल मार्च तक इस लेवल तक जा सकता है। ओमनीसाइंस कैपिटल का कहना है कि वैल्यूएशन लंबी अवधि के औसत के करीब होने के बावजूद अभी मार्केट की वैल्यूएशन कम है।

ओमनीसाइंस कैपिटल का FY27 की प्रति शेयर अर्निंग्स 1,280-1,320 रुपये रहने का अनुमान है। तब निफ्टी में फॉरवर्ड अर्निंग्स के 22 से 24 गुना पर ट्रेडिंग होगी। इसका मतलब है कि मौजूदा लेवल से बाजार अगले साल तक 15 से 25 फीसदी चढ़ सकता है।

अर्निंग्स ग्रोथ सामान्य रहने पर भी लंबी अवधि के उन निवेशकों को अच्छा रिटर्न मिल सकता है, जो उतार-चढ़ाव बर्दाश्त कर सकते हैं। ओमनीसाइंस ने बाजार की मौजूदा वैल्यूएशंस को मिडिल जोन में रखा है। उसने पी/ई 20 गुना और प्राइस-टू-बुक 3 गुना रखा है। यह लंबी अवधि के औसत के करीब है, लेकिन पिछली साइकिल के पीक से कम है।

ग्लोबल इनवेस्टमेंट मैनेजमेंट फर्म को बैंकों का प्रदर्शन बेहतर रहने की उम्मीद है। इसकी कई वजहें हैं। बैंकों की बैलेंसशीट बीते एक दशक में सबसे स्ट्रॉन्ग है। ग्रॉस एनपीए 2.5 फीसदी से कम है। कैपिटल एडक्वेसी करीब 17 फीसदी है। प्रोविजन कवरेज करीब 77 फीसदी है। इससे इक्विटी डायल्यूशन के बगैर बैंकों के पास करीब 94 लाख करो़ड़ रुपये के इंक्रिमेंटल क्रेडिट की गुंजाइश है। इससे बैंक मौजूदा पूंजीगत खर्च साइकिल का फायदा उठा सकते हैं।

ओमनीसाइंस को पावर सेक्टर में भी लंबी अवधि के मौके दिख रहे हैं। रिन्यूएबल एनर्जी, इसके स्टोरेज और ग्रीन हाइड्रोजन में 65-70 लाख करोड़ रुपये के निवेश का अनुमान है। ईवी और डेटा सेंटर्स की वजह से इलेक्ट्रिसिटी की डिमांड बढ़ रही है। इससे पावर सेक्टर की तस्वीर बेहतर दिखती है। आईटी को लेकर ओमनीसाइंस का रुख सावधानी भरा है। वैल्यूएशन में कमी आने के बावजूद एआई के बढ़ते इस्तेमाल की वजह से आईटी सेक्टर के लिए अनिश्चितता बनी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *