अक्षय तृतीया से पहले 11800 रुपये उछली चांदी, 3000 रुपये महंगा हुआ सोना

मुंबई- अक्षय तृतीया से ठीक पहले सोने और चांदी की कीमतों में जोरदार तेजी देखने को मिली है। दिल्ली में बुधवार को चांदी ₹11,800 उछलकर ₹2.57 लाख प्रति किलो पहुंच गई। वहीं, सोना ₹3,000 बढ़कर ₹1.58 लाख प्रति 10 ग्राम हो गया। इस तेजी के पीछे ज्वेलर्स और स्टॉकिस्ट्स की बढ़ती खरीदारी को वजह माना जा रहा है।

अक्षय तृतीया इस साल 19 अप्रैल को है और इसे सोना-चांदी खरीदने के लिए बेहद शुभ माना जाता है। ऐसे में त्योहार से पहले ही बाजार में खरीदारी तेज हो गई है, जिससे कीमतों को सहारा मिला है। ट्रेडर्स का कहना है कि मजबूत रिटेल डिमांड की उम्मीद में ज्वेलर्स और बड़े खरीदारों ने पहले से खरीदारी शुरू कर दी है। यही वजह है कि कीमतों में तेजी आई है।

कीमतों में उतार-चढ़ाव के बावजूद ग्राहकों की दिलचस्पी बनी हुई है, खासकर हल्की और डिजाइन आधारित ज्वेलरी की मांग बढ़ रही है। हालांकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में सोना और चांदी दोनों में गिरावट देखने को मिली। स्पॉट गोल्ड करीब 1% गिरकर 4,795.97 डॉलर प्रति औंस पर आ गया। वहीं, चांदी 1.2% गिरकर 78.61 डॉलर प्रति औंस पर रही।

अमेरिका और ईरान के बीच समझौते की उम्मीद से बाजार का माहौल थोड़ा बेहतर हुआ है। इससे ऊर्जा से जुड़ी महंगाई का डर कम हुआ है और कीमती धातुओं पर दबाव बना है। दोनों देशों के बीच अगली बातचीत की तैयारी चल रही है, क्योंकि पिछली बातचीत में कोई ठोस नतीजा नहीं निकल पाया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *