गर्मियों में बढ़ेगी बिजली की मांग, पावर सेक्टर के इन शेयरों में मिलेगा शानदार फायदा
मुंबई- इस साल गर्मी अधिक रहने के अनुमान से पावर सेक्टर की कंपनियों को फायदा मिल सकता है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने मार्च-मई 2026 के दौरान सामान्य से अधिक तापमान और लू वाले दिनों की संख्या में वृद्धि का अनुमान जताया है।
ब्रोकरेज हॉउस जेएम फाइनेंशियल का कहना है कि शुरुआती और भीषण गर्मी का मौसम पावर सेक्टर के लिए एक महत्वपूर्ण ट्रिगर का काम कर रहा है। बढ़ते तापमान से बिजली की मांग में भारी वृद्धि की आशंका को देखते हुए बिजली उत्पादन और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनियों के शॉर्ट टर्म आउटलुक को लेकर अधिक सकारात्मक रुख अपना रहे हैं।
जेएम फाइनेंशियल के एनालिस्ट्स के अनुसार, 2026 के दूसरे हिस्से में एल नीनो जैसी स्थिति बनने की संभावना है। साथ ही मार्च से अगस्त के बीच सामान्य से ज्यादा गर्मी पड़ने की 50-60 प्रतिशत संभावना है और बारिश भी सामान्य से कम हो सकती है। ऐसे में इस साल दिन में बिजली की मांग 275-285 गीगावॉट और शाम के समय 260-270 गीगावॉट तक पहुंच सकती है।
ब्रोकरेज हाउस के मुताबिक, मजबूत वित्तीय स्थिति वाली और खुले बाजार में बिजली बेचने वाली कंपनियों को ज्यादा फायदा हो सकता है। क्योंकि ज्यादा मांग के समय बिजली के दाम बढ़ जाते हैं। कोयले से बिजली बनाने वाली कंपनियों के प्लांट ज्यादा क्षमता पर चल सकते हैं। इससे उनकी कमाई बढ़ सकती है। ज्यादा मांग के समय खुले बाजार में बिजली के दाम भी मजबूत रह सकते हैं।
हालांकि, जियोजित इन्वेस्टमेंट्स के कैलासन ने कहा कि इन कंपनियों के शेयरों में बढ़त सीमित रह सकती है। ऐसा इसलिए क्योंकि आने वाली मांग का असर पहले से ही बाजार में शामिल हो चुका है। उन्होंने सलाह दी कि पूरे सेक्टर में निवेश करने के बजाय उन कंपनियों को चुनना बेहतर रहेगा जो मजबूत स्थिति में हैं और लंबे समय में अच्छा प्रदर्शन कर सकती हैं।
इस साल अब तक एनटीपीसी, पावर ग्रिड, टोरेंट पावर, अदाणी पावर, जेएसडब्ल्यू एनर्जी, एनटीपीसी ग्रीन एनर्जी, एक्मे सोलर, टाटा पावर और एनएलसी इंडिया के शेयर 2.7 फीसदी से 16 फीसदी तक बढ़े हैं। जबकि निफ्टी 50 इस साल अब तक 10.4 प्रतिशत गिरा है।
जेएम फाइनेंशियल को अदाणी पावर (Adani Power), अदाणी ग्रीन, टाटा पावर (Tata Power), टोरेंट पावर और जेएसडब्ल्यू एनर्जी पसंद हैं और इनमें से टोरेंट पावर को छोड़कर बाकी सभी को खरीदने की सलाह दी गई है। एक्सिस सिक्योरिटीज का कहना है कि अगर बिजली की मांग लगातार ऊंची बनी रहती है, तो जेएसडब्ल्यू एनर्जी, एनएलसी इंडिया और कोल इंडिया को ज्यादा फायदा होगा। इससे उनकी क्षमता का उपयोग बढ़ेगा, कमाई साफ दिखेगी और अनुमान से ज्यादा मुनाफा भी हो सकता है। इन सभी शेयरों पर खरीद की सलाह दी गई है।

