गलत तरीके से बेची पॉलिसी, रिलायंस-HDFC सहित 5 बीमा कंपनियों पर 8 करोड़ का दंड
मुंबई- सरकार ने गलत तरीके से पॉलिसी बेचने और नियमों के उल्लंघन के मामले में रिलायंस जनरल इंश्योरेंस, HDFC लाइफ और SBI लाइफ जैसी 5 बड़ी कंपनियों पर करीब 8 करोड़ रुपए का जुर्माना लगाया है। साथ ही, इंश्योरेंस मार्केट का दायरा बढ़ाने के लिए सरकार अब 25,000 ग्राम पंचायतों को बीमा कवरेज के दायरे में लाने की तैयारी कर रही है।
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने राज्यसभा में कहा, बीमा कंपनियों की किसी भी गड़बड़ी को नजरअंदाज नहीं किया जाएगा। इंश्योरेंस रेगुलेटर (IRDAI) ऐसी कंपनियों पर लगातार कार्रवाई कर रहा है। रिलायंस जनरल इंश्योरेंस पर 2 करोड़ का जुर्माना लगा है। बजाज फाइनेंस पर दो करोड़, एचडीएफसी लाइफ इंश्योरेंस पर दो करोड़ और एसबीआई लाइफ पर एक करोड़ रुपये का जुर्माना लगाया गया है। रॉयल सुंदरम पर भी एक करोड़ रुपये का दंड लगाया गया है।
सीतारमण ने उन गड़बड़ियों की लिस्ट भी बताई जिन पर सरकार की पैनी नजर है
बिना सहमति बीमा: अगर ग्राहक की मर्जी के बिना पॉलिसी थमाई गई, तो जुर्माना लगेगा।
गलत जानकारी: पॉलिसी बेचते समय फीचर्स छिपाना या गुमराह करने वाले दावे करना।
क्लेम में देरी: मैच्योरिटी क्लेम के निपटारे में देरी या ब्याज न देना जांच के दायरे में आएगा।
प्रीमियम का गलत आवंटन: अगर प्रीमियम के पैसों का हिसाब सही नहीं रखा गया, तो रेगुलेटर एक्शन लेगा।
अब सरकार बीमा (इंश्योरेंस) को देश के दूर-दराज के गांवों तक पहुँचाने के लिए एक नया तरीका अपना रही है। इंश्योरेंस रेगुलेटर IRDAI के नए नियमों के मुताबिक, अब इंश्योरेंस की पहुंच को ‘ग्राम पंचायत’ के आधार पर मापा जाएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि इस बार 25,000 ग्राम पंचायतों को खास तौर पर चुना गया है, जहां बीमा का दायरा बढ़ाया जाएगा। सरकार का असली मकसद यह है कि गांव-गांव और समाज के हर वर्ग तक 100% बीमा की सुविधा पहुंच सके।

