एक लाख को दो लाख रुपये बनाने का यही सही समय, जानिए इसके कारण
मुंबई- ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच चल रहा पिछले एक पखवाड़े से युद्ध अब ऐसे मोड़ पर पहुंच गया है, जहां कोई न कोई फैसला होगा। इस त्रिकोणीय युद्ध के गहराने और लगातार इसमें तेजी आने से अब पूरी दुनिया के शेयर बाजारों में भारी गिरावट दर्ज की गई है। यह गिरावट ठीक उसी तरह की है, जैसी हमने कोविड के दौरान देखी थी। उस समय जिसने भी आंख बंद कर के किसी भी शेयर में निवेश किया, उसका निवेश महज एक दो साल में ही दोगुना तीनगुना तक बढ़ गया। हालांकि, यह स्थिति हर बार नहीं होती है, फिर भी इस समय विश्लेषकों का मानना है कि बहुत अच्छे शेयर इस समय काफी नीचे आ गए हैं। ऐसे में समझदारी से खरीदी आपको अच्छा मुनाफा दे सकती है।
विश्लेषकों का मानना है कि आईटी से लेकर केमिकल और स्मॉल कैप से लेकर मिडकैप तक के शेयरों की जमकर पिटाई हुई है। मिड और स्मॉलकैप तो 40 फीसदी तक टूट गए हैं। शेयर बाजार की गिरावट भले ही 10 फीसदी रही हो, लेकिन शेयरों की गिरावट 50 पर्सेंट तक पहुंच गई है। इसका असर यह हुआ है कि निवेशकों के पोर्टफोलियो का वैल्यूएशन अब 30-40 फीसदी घट गया है जो इस युद्ध के पहले तक फायदे में था।
बात यह नहीं है कि केवल रिटेल निवेशक ही इस समय पिटे हैं। बल्कि कचोलिया, दमानी और केडिया जैसे दिग्गज निवेशक जो अपने आप को बाजार का पंडित मान रहे थे, वे भी इस गिरावट में डूब गए हैं। उनके पोर्टफोलियो की भी जमकर पिटाई हो रही है। ऐसे में युद्ध कभी न कभी तो खत्म होगा, और जब फिर से सब कुछ सही होगा तो यही शेयर तब फिर से एक बार अच्छी खासी रैली दिखाएंगे।
कोरोना के अलावा हमने 2008, 2017 और 2021 में भी ऐसे मौके देखे हैं। बाजार कभी भी सीधी रेखा में नहीं चलता है। इसका नेचर ही ऐसा है कि कभी यह गिरावट में रहता है तो कभी मुनाफे में। जब भी इस तरह की भारी गिरावट आई है, बाजार ने तेजी से वापसी दिखाई है। जिन निवेशकों ने इस तरह की गिरावट में खरीदी की, अगले एक दो वर्षों में उनका निवेश दो गुना से ज्यादा बढ़ा है।
हालांकि, किसी भी निवेश से पहले आपको फाइनेंशियल एडवाइजर से सलाह जरूर लेनी चाहिए। क्योंकि इक्विटी में अच्छा खासा रिस्क तो होता है। ऐसे में केवल कही सुनी बातों पर विश्वास न करें। खुद रिसर्च करें। देखें कि उस शेयर का क्या इतिहास है, कैसे बैलेंसशीट है और कैसा उसका प्रदर्शन रहा है, जिसमें आप निवेश करना चाहते हैं, पर यह तय है कि यह निवेश का बहुत ही बेहतर मौका मिला है।

