सिलिंडर की कमी का असर, आईआरसीटीसी बंद कर सकता है ट्रेनों में खाना
मुंबई- देशभर में LPG सिलेंडरों की कमी के कारण इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (IRCTC) की कैटरिंग सेवाएं प्रभावित हो रही हैं। इसी वजह से रेलवे यह विचार कर रहा है कि कुछ समय के लिए ट्रेनों में पके हुए खाने की सेवा रोक दी जाए और जिन्होंने अपने टिकट के साथ खाना प्री-बुक किया है उन्हें रिफंड दिया जाए।
IRCTC ने अपने कैटरिंग लाइसेंसधारकों को निर्देश दिया है कि वे आपातकालीन योजनाएं लागू करें, ताकि यात्रियों को बिना रुके खाना उपलब्ध कराया जा सके। रेलवे अधिकारियों ने बताया कि LPG की कमी IRCTC के बेस किचन को प्रभावित कर रही है, जहां ट्रेनों के लिए खाना तैयार किया जाता है और फिर उसे पैंट्री कारों में लोड किया जाता है। हालांकि पैंट्री कारें मुख्य रूप से वितरण और भोजन गरम करने की यूनिट हैं और इनमें एलपीजी सिलेंडर नहीं रखे जाते हैं, लेकिन बेस किचन में रुकावट के कारण अब लंबी दूरी की ट्रेनों के लिए खाना तैयार करने में भी दिक्कत आ रही है।
10 मार्च को लिखे एक पत्र में IRCTC ने रेलवे स्टेशनों पर स्थित फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन आहार आउटलेट्स को एलपीजी की कमी होने की स्थिति में खाना पकाने के वैकल्पिक तरीकों को अपनाने का निर्देश दिया है। पत्र के मुताबिक, पश्चिम एशिया में हाल ही में हुए अंतरराष्ट्रीय संघर्षों के कारण क्षेत्रीय स्थिरता और कमर्शियल LPG सिलेंडरों की सप्लाई प्रभावित हुई है, इसलिए यह सुनिश्चित करना जरूरी है कि सभी फूड प्लाजा, रिफ्रेशमेंट रूम और जन आहार में कैटरिंग सेवाएं बिना रुकावट जारी रहें।”
रेलवे अधिकारियों ने बताया कि IRCTC अपने बेस किचन और ऑनबोर्ड खानपान सेवाओं के माध्यम से देशभर में प्रतिदिन लगभग 17 लाख भोजन उपलब्ध कराता है। इन उपायों का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों पर कैटरिंग सेवाएं जारी रखना और सप्लाई बाधित होने की स्थिति में यात्रियों को होने वाली असुविधा को कम करना है। केटरिंग कंपनियों को निर्देश दिया गया है कि अगर उनके क्षेत्रों में LPG की सप्लाई प्रभावित या बाधित होती है तो वे तुरंत अधिकारियों को सूचित करें।

